बजट अनुमान से 43.4 फीसदी अधिक हुआ राजकोषीय घाटा, केंद्र से 2,529 करोड़ रुपये अतिरिक्त सहायता मिलने के बावजूद बिगड़ी वित्तीय स्थिति; बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास के बजट में कटौती का भी आरोप
देवभूमि न्यूज 24
शिमला। हिमाचल प्रदेश में लगातार बढ़ते राजकोषीय घाटे को लेकर नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के वित्तीय प्रबंधन और बजट नियोजन के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार के दावे वास्तविक वित्तीय आंकड़ों से मेल नहीं खा रहे हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में प्रदेश का राजकोषीय घाटा 9,648 करोड़ रुपये रहने का अनुमान लगाया गया था, लेकिन महज आठ महीनों में यह बढ़कर 13,836 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने इसे अनुमान से 43.4 फीसदी अधिक बताते हुए प्रदेश सरकार की वित्तीय व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से निर्धारित अनुमान से 2,529 करोड़ रुपये अधिक सहायता मिलने के बावजूद राजकोषीय घाटे में इतनी बड़ी बढ़ोतरी चिंताजनक है। इसमें केंद्रीय करों में हिस्सेदारी के रूप में 2,229 करोड़ रुपये और अन्य मदों में 300 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि प्राप्त हुई, लेकिन इसके बावजूद प्रदेश की आर्थिक स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
पूर्व मुख्यमंत्री ने वित्त वर्ष 2025-26 में अनुपूरक बजट के 40,461 करोड़ रुपये तक पहुंचने का हवाला देते हुए सरकार के बजट नियोजन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह राशि मूल बजट का 69.01 फीसदी थी। जयराम ठाकुर के अनुसार, सरकार अपने दो बजटों में पूंजीगत व्यय के लिए निर्धारित राशि का केवल 75 फीसदी ही खर्च कर पाई, जबकि करीब 25 फीसदी धनराशि विकास कार्यों पर खर्च नहीं हो सकी।
जरूरी क्षेत्रों के बजट में भारी कटौती का आरोप
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने बिजली, जलापूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और सामाजिक कल्याण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों के बजट में भारी कटौती की है। उनके अनुसार, विद्युत क्षेत्र के बजट में 56.12 फीसदी, जलापूर्ति में 42 फीसदी, प्रारंभिक एवं उच्च शिक्षा में 44 फीसदी, स्वास्थ्य एवं आयुर्वेद में 47 फीसदी तथा ग्रामीण विकास में 52 फीसदी की कटौती की गई है। वहीं, सामाजिक कल्याण के बजट में भी 62 फीसदी कमी किए जाने का दावा उन्होंने किया।
नेता प्रतिपक्ष ने सवाल उठाया कि जब प्रदेश सरकार वर्ष 2027 तक हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य लेकर चल रही है, तो फिर राजकोषीय घाटा लगातार क्यों बढ़ रहा है? उन्होंने कहा कि सरकार को प्रदेश की आर्थिक स्थिति, वित्तीय प्रबंधन और विकास कार्यों पर खर्च को लेकर जनता के सामने स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579








