रात 1:30 बजे लगी आग से गांव में मची अफरातफरी, 16 किलोमीटर वाहन और 3 किलोमीटर पैदल चलकर पहुंची दमकल टीम; करीब एक करोड़ की संपत्ति बचाई
देवभूमि न्यूज 24
मलाणा (कुल्लू)। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के ऐतिहासिक गांव मलाणा में शनिवार देर रात भीषण अग्निकांड में तीन मंजिला रिहायशी मकान जलकर राख हो गया। इस घटना में करीब 50 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। मकान चार परिवारों का संयुक्त था, जिससे चारों परिवार प्रभावित हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, आग लगने की घटना रात करीब 1:30 बजे हुई। मकान से आग की लपटें उठती देख और आवाजें सुनकर ग्रामीणों की नींद खुल गई। इसके बाद गांव में अफरातफरी मच गई। घटना के समय मकान में दिले राम सो रहे थे। आग का पता चलते ही उन्होंने समय रहते घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। आग इतनी तेजी से फैली कि मकान से कोई भी सामान सुरक्षित बाहर नहीं निकाला जा सका।
विभागीय जानकारी के अनुसार, यह तीन मंजिला मकान अली राम, दिले राम, प्रताप और बती राम का संयुक्त था। अग्निकांड में मकान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।
16 किलोमीटर वाहन से और 3 किलोमीटर पैदल पहुंची दमकल टीम
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम जरी से घटनास्थल के लिए रवाना हुई। दुर्गम रास्ते के कारण दमकल कर्मियों को करीब 16 किलोमीटर का सफर वाहन से तय करने के बाद लगभग 3 किलोमीटर पैदल चलकर घटनास्थल तक पहुंचना पड़ा। दमकल कर्मियों ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
दमकल टीम की तत्परता से आसपास स्थित सवारी और संजना देवी के घरों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। विभाग के अनुसार, इस कार्रवाई के दौरान करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति को सुरक्षित बचाया गया।
दमकल विभाग के प्रभारी प्रेम भारद्वाज ने बताया कि विभाग को रात करीब 2 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही टीम मौके के लिए रवाना हो गई थी। उन्होंने बताया कि अग्निकांड में करीब 50 लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया गया है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
स्थानीय निवासी राजू राम ने बताया कि घटना के समय दिले राम घर में अकेले थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य पशुओं के साथ जंगल में गए हुए थे। आग देखकर दिले राम ने समय रहते घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
वहीं, पंचायत प्रधान लीली देवी ने बताया कि राजस्व विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रही है। उन्होंने प्रशासन से अग्निकांड प्रभावित चारों परिवारों को जल्द से जल्द उचित राहत एवं सहायता प्रदान करने की मांग की है।
देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579








