विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने की तीन लाख रुपये देने की घोषणा
यशपाल कपूर,ब्यूरो प्रमुख
देवभूमि न्यूज 24
देवठी। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देवठी में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। समारोह में कसौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि एपीएमसी अध्यक्ष रोशन ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। नर्सरी से जमा दो कक्षा तक के विद्यार्थियों ने गिद्दा, पंजाबी, हरियाणवी एवं राजस्थानी नृत्य, कत्थक तथा हिमाचली नाटी की शानदार प्रस्तुतियां देकर समारोह में चार चांद लगा दिए।

विद्यालय के प्रधानाचार्य जरनैल सिंह नेगी ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक, खेलकूद एवं अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में हासिल की गई उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा दिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को लगभग 150 मोमेंटो और 70 मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं, जमा दो (नॉन मेडिकल) की छात्रा वंशिका शर्मा को इंस्पायर कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने की विशेष उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया।
विशेष अतिथि रोशन ठाकुर ने अपने संबोधन में विद्यालय के साथ अपने पुराने जुड़ाव को साझा किया। उन्होंने बताया कि वह स्वयं इसी विद्यालय के पूर्व विद्यार्थी रहे हैं और लगभग दस वर्षों तक विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।


उन्होंने विद्यालय के विकास के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। विद्यार्थियों की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से प्रभावित होकर उन्होंने अपनी ऐच्छिक निधि से 11 हजार रुपये देने की घोषणा की।
मुख्य अतिथि विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने विद्यार्थियों को जीवन में प्रतिदिन पांच अच्छी आदतें अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए नैतिक मूल्यों और अनुशासन का विशेष महत्व है। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो रहा है। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के खेल मैदान को पक्का करने के लिए विधायक निधि से तीन लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही विद्यार्थियों की बेहतरीन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से प्रसन्न होकर अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपये देने का ऐलान भी किया।
समारोह में कसौली विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस पार्टी के विभिन्न पदाधिकारियों, देवठी, रणों, तोप की बेड़ एवं चामत-भड़ेच पंचायतों के प्रधानों व उपप्रधानों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, विद्यालय के सेवानिवृत्त अध्यापकों, विद्यार्थियों के अभिभावकों सहित करीब 600 लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579








