ब्रह्माकुमारी दया दीदी व राखी दीदी ने एन.एस.एस. स्वयंसेवकों को सिखाया तनावमुक्त जीवन का मंत्र

Share this post

जातिगत भेदभाव व छुआछूत के विरुद्ध हुआ विचार-विमर्श; रोनहाट में जल-स्रोत की सफ़ाई
देवभूमि न्यूज 24
राजकीय महाविद्यालय रोनहाट में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर में ब्रह्माकुमारी संस्था से पधारीं दया दीदी एवं राखी दीदी ने मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण पर विशेष सत्र लिया। उन्होंने कहा कि आज के युवा पढ़ाई, करियर की चिंता, प्रतिस्पर्धा और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के कारण तनाव और अकेलेपन का सामना कर रहे हैं। स्वयंसेवकों को तनाव से निपटने, सकारात्मक सोच, नियमित दिनचर्या व पर्याप्त नींद तथा अपनी भावनाओं को परिवार और मित्रों से साझा करने के महत्व की जानकारी दी गई।

शिविर में जातिगत भेदभाव एवं छुआछूत के विरुद्ध एक विचार-विमर्श सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. नलिन रमौल, श्रीमती पिंकी रमौल, कार्यक्रम अधिकारी सुश्री मंजना शर्मा, सुश्री बंदना अत्री, सुश्री कृतिका सैनी, श्री अनिल कुमार तथा स्वयंसेवकों ने खुलकर अपने विचार रखे। चर्चा में यह बात सामने आई कि संविधान के अनुच्छेद 17 द्वारा छुआछूत को समाप्त किए जाने के बावजूद समाज में भेदभाव के कई रूप आज भी दिखाई देते हैं, जैसे सामूहिक भोज में अलग पंगत, अलग बर्तन या आयोजनों में अलग बैठाना। प्रतिभागियों ने माना कि जिन समुदायों की कला, संगीत और श्रम के बिना हमारे उत्सव अधूरे हैं, उन्हें सामाजिक निर्णयों और सम्मान में बराबर का भागीदार बनाना आवश्यक है। स्वयंसेवकों ने अपने परिवार और गाँव में किसी भी प्रकार के जातिगत भेदभाव का विरोध करने तथा समानता एवं बंधुता के संवैधानिक मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया।

स्वयंसेवकों ने रोनहाट के पारंपरिक जल-स्रोत की सफ़ाई भी की। उन्होंने जल-स्रोत के आसपास उगी झाड़ियाँ, जमा कूड़ा और प्लास्टिक हटाया तथा ग्रामीणों को जल-स्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने का संदेश दिया। स्वयंसेवकों का कहना था कि पहाड़ के ये पारंपरिक जल-स्रोत पीढ़ियों से गाँवों की प्यास बुझाते आए हैं और इन्हें बचाना सबकी सामूहिक ज़िम्मेदारी है। शिविर में स्वयंसेवकों को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों और गोद लिए गाँव रास्त की जानकारी भी दी गई।

देवभूमि न्यूज 24
देश दुनिया, गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए
समाचार, विज्ञापन:9816216579