अम्ब उपमंडल में यातायात भीड़-भड़क्का और बसों की असुविधाओं के चलते बस अड्डा व पार्किंग की मांग-राजीव शर्मन
देवभूमि न्यूज डेस्क
ऊना ( हि. प्र.)
जिला ऊना के अम्ब उपमंडल तहसील मुख्यालय का छोटा सा बस स्टाप समूचे हिमाचल प्रदेश में यातायात असुविधाओं, बसों की कमी के लिए बस यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है।
सर्वप्रथम इसे बस अड्डे का मानना ही बहुत बड़ी बेमानी है।
वास्तव में यह एक छोटा सा बस स्टाप है जो कि यातायात भगदड़ का मुख्य कारण बनकर दशकों से आम जनता जनार्दन को छकाता आ रहा है। पिछले कई दशकों से सरकार इस बस स्टाप की मामूली सी मरहम पट्टी करके बड़े बस अड्डे की मांग को ठंडे बस्ते में डालती आई है। यहां पर पार्किंग बनवाने की घोषणायें और उद्घाटन शिलान्यास पट्टिका भी सफेद हाथी साबित हो चुकी है।
वर्तमान सरकार के कार्यकाल में यहां एक हिमाचल पथ परिवहन निगम का नया भवन बनवाया गया है जिससे यात्रियों को कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है।
यहां पर कोई यात्री प्रतीक्षालय अथवा कंटीन / भोजनालय भी उपलब्ध नहीं है। लम्बी दूरी की बसों की बुकिंग और उपलब्धता का हर समय टोटा पड़ा रहता है।
यात्रियों की हालत उस समय बेहद नाजुक और हास्यास्पद बन जाती है ,जब यात्रीगण इस छोटे से भीड़भाड़ वाले बस स्टाप पर खड़े रहते हैं तथापि कांगड़ा-हमीरपुर से आने वाली हिमसुता,बाल्वो समेत दिल्ली, चंडीगढ़, हरिद्वार की बसें बस स्टॉप से दो सौ मीटर दूर स्थित छोटे से चौक पर अल्प ठहराव करके चलती बनती है। ऐसे में भीड़-भड़क्के वाले छोटे से बस स्टॉप से यात्री जब चौक की ओर दौड़ लगाते हैं,तब तक लम्बी दूरी की बसें निकल जाती है और यात्री दुविधाओं का सामना करके हाथ मलते रह जाते हैं। यह मजाक पिछले बहुत दशकों से बस यात्रियों के साथ बद-दस्तूर जारी है। जब इस बारे लम्बी दूरी की बसों की शिकायत की जाती है तो उनका कहना है कि अगला समय कवर नहीं हो पाता है। लम्बी दूरी वाले बस चालकों का तर्क है कि छोटे से बस स्टॉप पर जाना परेशानी का सामना करना पड़ता है अलबत्ता वह छोटे चौक के अल्प ठहराव से चलते बनते हैं।
इससे बस यात्रियों समेत आम जनता-जनार्दन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। छोटे से बस स्टॉप और चौक पर पार्किंग की सुविधा ना होने से हर समय दुर्घटनाओं की आशंकाओं से भी इन्कार नहीं किया जा सकता बल्कि सैंकड़ों हादसे घटित हो चुके हैं।
आज दिन तक इलाका वासियों व स्थानीय दुकानदारों की एक अदद बड़े बस अड्डे व पार्किंग की मांग जस की तस बरकरार है।
स्थानीय सोशल मीडिया एक्टीविस्ट एवं समाज सेवी राजीव शर्मन् ने हिमाचल प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री जी से इस बारे पुरजोर अपील करके सीधे हस्तक्षेप के माध्यम से बहुत बड़े अम्ब उपमंडल तहसील मुख्यालय में एक सर्व सुलभ बहुत बड़े बस अड्डे और जनहित में पार्किंग निर्माण की तत्काल प्रभाव से पुनः गुहार लगाई है ताकि बस यात्रियों को सुविधा और यातायात की भगदड़ से सभी को राहत मिल सके।