जिला ऊना के चिंतपूर्णी में स्थित न्यायाधीश शनि महाराज की महातीर्थ स्थली लोहारा
देवभूमि न्यूज डेस्क
ऊना
न्यायाधीश शनि महाराज का महातीर्थ स्थली लोहारा चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में भव्य मंदिर है। स्थानीय लोगों की अपार श्रद्धा के चलते ही आज से चार साल पहले यहां विशाल काय शनि प्रतिमा को स्थापित किया गया है। लोहारा खड्ड के शिखर पर स्थित यह मंदिर स्थानीय जनपद के लोगों के लिए महातीर्थ से कम नहीं है। यहां पर हर शनिवार को भक्तजनों का तांता लगा रहता है। शनि महाराज के दरवार में संसारिक त्रय तापों से ग्रस्त श्रद्धालुगण यहां निवारण हेतु नतमस्तक होते आये हैं।
स्थानीय लोगों की मान्यता है कि बरसात में उफनती लोहारा खड्ड समीप शिखर पर यह शनि मंदिर भक्तों को सदैव अभयदान दिलवाने का मुख्य धार्मिक स्थल है। शनि मंदिर आने वाले भक्तों की एक बहुत बड़ी समस्या है कि लोहारा खड्ड यहां तक पहुंचने में बहुत बड़ी बाधा उत्पन्न करती आई है। बरसात के दिनों में विभिन्न गांवों का मार्ग लोहारा खड्ड के कारण अवरूद्ध हो जाता है। ऐसे में हर शनिवार को भक्तजनों को शनि मंदिर में पहुंचने में बहुत बड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
शनि भक्तों ने जिला प्रशासन और स्थानीय विधायक चिंतपूर्णी से पुरजोर मांग की है कि शनि महातीर्थ स्थली शनि मंदिर में आवागमन सुचारू तौर पर बहाल करने हेतु यहां पर लोहारा खड्ड पर एक मिनी पुल का तत्काल निर्माण जनहित में शीघ्रातिशीघ्र करवाया जाना चाहिए।
निकटवर्ती गांवों मावां, अप्पर लोहारा के ग्रामीणों ने बरसात में उफनती लोहारा खड्ड से बचाव हेतु एक अदद मिनी पुल की सौगात जनहित में तत्काल उपलब्ध करवाई जानी चाहिए।
शनि मंदिर आने वाले सभी श्रद्धालुओं की न्यायोचित मांग को निर्धारित समयावधि के भीतर पूरा किए जाने की जोरदार मांग सभी ने एक बार पुनः उठाई है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा पर किसी भी तरह का समझौता या कोताही नहीं बरती जानी चाहिए। लोहारा खड्ड का भीषण विकराल बरसाती रौद्र रूप कहर बरपाने वाला माना गया है। इसलिए समय रहते लोहारा के महातीर्थ शनिधाम आने वाले शनि मंदिर को सुरक्षात्मक उपायों के चलते एक अदद मिनी पुल निर्माण से जोड़े जाने की नितान्त आवश्यकता है।
इस मिनी पुल निर्माण से महातीर्थ स्थली लोहारा शनि मंदिर को आने वाले श्रद्धालुओं को जहां आवा-जाही की सुविधा उपलब्ध होगी वहां धार्मिक न्यायाधीश शनि महाराज के भव्य मंदिर में मानवीय समरसता एवं कल्याणकारी सुखद अनुभूति का भी श्रद्धालुओं में यक़ीनन संचार होगा। अतः शनि महातीर्थ स्थली लोहारा के शनि मंदिर को लोहारा खड्ड की भयावह बाढ़ से निजात दिलाने हेतु एक मिनी पुल का तत्काल प्रभाव से निर्माण करवाया जाना बांछित है।
राजीव शर्मन