कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से की ईडी ने पूछताछ, 25 जुलाई को फिर से बुलाया
देवभूमि न्यूज डेस्क
नई दिल्ली.
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से लगभग दो घंटे ईडी की पूछताछ के बाद इंटेरोगेशन का पहला दिन पूरा हो गया है. स्वास्थ्य कारणों के चलते उनसे आज दोबारा पूछताछ नहीं की जाएगी. बताया जा रहा है कि 25 जुलाई को उनसे दोबारा पूछताछ हो सकती है. फिलहाल ईडी ने कोई नया समन जारी नहीं किया है. वहीं पूछताछ के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने सड़क पर उग्र प्रदर्शन किया. मल्लिकार्जुन खडग़े, शशि थरूर सहित कांग्रेस के 75 सांसदों को पुलिस ने हिरासत में लिया.

इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी नेशनल हेराल्ड केस में पूछताछ के लिए सुबह के वक्त ईडी के दफ्तर पहुंची थी. उनके साथ उनकी बेटी और कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी भी पहुंची थी. सोनिया गांधी अपने साथ दवाएं लेकर गई थीं. पूछताछ के दौरान प्रियंका और सोनिया गांधी एक ही कमरे में मौजूद थीं.
सूत्रों के अनुसार सोनिया गांधी से पूछताछ की कमान महिला अफसर मोनिका शर्मा को सौंपी गई है. वह ईडी में अडिशनल डायरेक्टर के पद पर हैं. 75 वर्षीय सोनिया गांधी के स्वास्थ्य को देखते हुए दफ्तर में एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई थी. सोनिया गांधी के स्वास्थ्य कारणों के चलते प्रियंका गांधी को भी दफ्तर में रहने की इजाजत दी गई थी.
