अम्ब उपमंडल के लोहारा सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र हित में मिनी पुल निर्माण की मांग-राजीव शर्मन्
देवभूमि न्यूज डेस्क
ऊना
जिला ऊना के चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के अम्ब उपमंडल का राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लोहारा आज भी एक मिनी पुल निर्माण का इंतजार कर रहा है। इस बारे जानकारी देते हुए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लोहारा के सेवानिवृत्त कार्यालय अधीक्षक राजीव शर्मन् ने बताया कि एक दशक व्यतीत हो जाने पर भी छात्र- छात्राओं की सुरक्षा और जनहित में एक अदद मिनी पुल का निर्माण ना किया जाना एक बहुत बड़ी ग्राम पंचायत लोहारा की अनदेखी और अन्याय का प्रमाण है। ना जाने आने वाले कितने दिनों में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के छात्र छात्राओं व स्टाफ को लोहारा खड्ड पर पुल निर्माण ना होने से एक बार पुनः बुरी तरह से जूझना पड़ रहा है ।इस बारे इलाका वासियों का कहना है कि विगत बहुत सालों से मिनी पुल का मामला ठंडे बस्ते में पड़ा है। बरसात में उफनती लोहारा खड्ड से स्कूल का सम्पर्क टूट जाता है। यह बहुत ही खतरनाक साबित हो सकता है। आने वाले दिनों देर-सवेर स्कूल खुलने पर यह समस्या जस की तस बनी हुई है। इस मिनी पुल के अभाव में छात्र छात्राओं व समस्त स्टाफ को बहुत बड़ी दुविधाओं का नित्यप्रति सामना करना पड़ रहा है। मिनी पुल की बाट जोहते जोहते सब्र का पैमाना टूटने के कगार पर है किंतु आज दिन तक इस पुल निर्माण को मंजूरी नहीं देना घोर अन्याय है।

सारा साल लोहारा स्कूल के विद्यार्थी लोहारा-खड्ड के पथरीले रास्ते से भारी दुविधा का सामना करते आ रहें हैं किंतु आज दिन तक एक अदद मिनी पुल का निर्माण नहीं किया जा सका है। हालांकि गत बरसात के दिनों दो स्कूली छात्रायें भी पानी के बहाव में बह गई थी जिनमें एक छात्रा की मौंत हो गई थी ,लेकिन आज दिन तक शिक्षा विभाग,जिला प्रशासन लोहारा-खड्ड”पर छात्र-छात्राओं की सुविधा और सुरक्षा के लिये मिनी पुल का निर्माण नहीं करा पाया है। इस पर स्थानीय इलाकावासियों परमेश्वरी दास, भुवनेश कुमार,सतीश कुमार,अवतार सिंह,अरुण कुमार, रामलोक शर्मा, शुभ कर्ण,घनश्याम,राजीव कुमार,महेश कुमार आदि ने गहरा खेद प्रकट करते हुये चिंतपुर्णी विधानसभा के विधायक श्री बलवीर सिंह चौधरी जी व मुख्यमंत्री हिमाचल सरकार से मिनी पुल निर्माण की शीघ्रातिशीघ्र ज़ोरदार गुहार लगाई है। इसी तरह रा0व0मा0विद्यालय लोहारा की अन्य समस्याओं में स्कूल पुस्तकालय भवन निर्माण, स्कूल की चारदीवारी को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाने की पुनः पुनरावृत्ति की है ताकि इसके संरक्षण में आवारा पशुओं की आवा-जाही रोकने हेतु अंकुश लगाया जा सके।लोहारा की आम जनता ने यह भी मांग की है कि यहां पर वोकेशनल व कामर्स संकाय की कक्षाओं को भी इसी शैक्षणिक सत्र से प्रारंभ करवाई जाये ताकि विद्यार्थियों को दूर-दराज न भटकना पड़े।