अम्ब के जाहर पीर कड़प गूग्गा जी महाराज स्थल पर किया जाए सराय का निर्माण
देवभूमि न्यूज डेस्क
ऊना
जिला ऊना धर्म संस्कृति की राजधानी मानी जाती है। यहां पर सभी धर्मों का सरस संचार चिरकाल से ही अनवरत होता आया है। यही कारण है कि इस धार्मिक नगरी ऊना को श्री छोटा हरिद्वार उपनाम से भी अलंकृत किया गया है।

जिला ऊना के अम्ब उपमंडल तहसील मुख्यालय में स्थित प्राचीन कड़प गूग्गा जी सकल पीड़ित मानवता कल्याणार्थ यहां सदियों पहले राजस्थान से आकर स्थापित मानें जाते हैं। आज भी लोगों की अगाध श्रद्धा भक्ति श्री कड़प गूग्गा के प्रति सदैव जुड़ती आई है। कहते हैं कि विषैले विषधरों का जहर यहां कड़प गूग्गा जी की अपार कृपा से उतर जाता है। यहां सारा साल भक्तों का तांता लगा रहता है। यहां पर बरसात के दिनों में छिंज का मेला भी बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है। गूग्गा नवमी को यहां कड़प गूग्गा जी का जन्मोत्सव व सालाना स्थापना दिवस मनाया जाता है।
गूग्गा कड़प जी प्रकृति के नैसर्गिक सौंदर्य से सरावोर चीड़ के जंगलों में अम्ब उपमंडल तहसील मुख्यालय से मात्र 17 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

यहां पर हिमाचल पथ परिवहन की बस सुविधा उपलब्ध है। जिला ऊना मुख्यालय से इसकी दूरी 27 किलोमीटर है तथापि यहां से भी इस धार्मिक स्थल पर बस सुविधा उपलब्ध है।
प्राचीन धार्मिक स्थल कड़प गूग्गा जी को सरकार द्वारा धार्मिक श्रद्धालुओं की सुविधाओं हेतु इस धार्मिक स्थल हेतु जिला ऊना एवं अम्ब से आने वाले समस्त दूर दराज के धार्मिक श्रद्धालुओं हेतु धार्मिक सराय का भी निर्माण करवाया जाना चाहिए।