नवजोत सिद्धू की रिहाई से एक दिन पूर्व मिलने पहुंचे कांग्रेस के नेता

Share this post

नवजोत सिद्धू की रिहाई से एक दिन पूर्व मिलने पहुंचे कांग्रेस के नेता

देवभूमि न्यूज डेस्क
पंजाब/चंडीगढ़

पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू शनिवार 1 अप्रैल को पटियाला सेंट्रल जेल से सजा पूरी कर रिहा होने जा रहे हैं। रिहाई से एक दिन पहले पंजाब कांग्रेस की राजनीति के भीष्म पितामह, पंजाब के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व वित्त मंत्री लाल सिंह और पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष महिंदर सिंह के.पी. ने जेल में नवजोत सिंह सिद्धू से मुलाकात की। कांग्रेस के इन टकसाली नेताओं ने नवजोत सिंह सिद्धू से एक घंटे से ज्यादा समय तक चर्चा की।

सूत्रों के अनुसार पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष शमशेर सिंह दूलों ने भी शुक्रवार को सिद्धू से मिलने का समय लिया था लेकिन अचानक तबीयत खराब होने के कारण वह नहीं आ सके। यह जानकारी मिली है कि लाल सिंह ने नवजोत सिंह सिद्धू को उनकी रिहाई के बाद नई राजनीतिक पारी के बारे में कई गुरमंत्र दिए। जहां एक ओर पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और अन्य नेताओं ने नवजोत सिंह सिद्धू से दूरी बना ली है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस की राजनीति के चाणक्य कहे जाने वाले लाल सिंह नवजोत सिंह सिद्धू के साथ मजबूती से खड़े हैं।


लाल सिंह एक ऐसे नेता हैं, जो लगातार जेल में नवजोत सिंह सिद्धू से मिलते रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक इस समय नवजोत सिंह सिद्धू राजनीति में लाल सिंह पर सबसे ज्यादा भरोसा कर रहे हैं। नवजोत सिद्धू को भी राजनीतिक रूप लाल सिंह फिट बैठे हैं क्योंकि जितने भी पंजाब कांग्रेस के प्रधान रहे और जितने भी मुख्यमंत्री बने उन्हें इस कुर्सी तक पहुंचाने तक लाल सिंह का अहम योगदान है। रिहाई से एक दिन पहले पंजाब कांग्रेस के दोनों पूर्व अध्यक्षों की नवजोत सिंह सिद्धू से मुलाकात इस बात का स्पष्ट संकेत है कि कांग्रेस के कई दिग्गज नेता चाहते हैं कि नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब कांग्रेस का नेतृत्व करें क्योंकि मौजूदा राजनीतिक दौर में नवजोत सिंह सिद्धू कांग्रेस में एकमात्र ऐसा चेहरा हैंजो जो 2024 के लोकसभा चुनाव और 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की नैया पार लगा सकते हैं।

नवजोत सिंह सिद्धू एक ईमानदार, निडर और साफ छवि वाले नेता हैं। पंजाब की राजनीतिक स्थिति के मुताबिक फिलहाल बीजेपी पंजाब में पैर जमाने की भरपूर कोशिश कर रही है, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिल पा रही है। अकाली दल राजनीतिक रूप से बहुत कमजोर हो गया है और वर्तमान में उसके खड़े होने की संभावना नहीं है। ऐसे में अगर नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब कांग्रेस का चेहरा बनते हैं तो कांग्रेस पार्टी आम आदमी पार्टी को बड़ी टक्कर दे सकती है। कांग्रेस के ज्यादातर चोटी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का भी मानना ​​है कि नवजोत सिंह सिद्धू ही कांग्रेस की नैया पार लगा सकते हैं।

नवजोत सिंह सिद्धू को प्रियंका गांधी का विशेष आशीर्वाद
कांग्रेस के उच्च स्तरीय सूत्रों के अनुसार, अखिल भारतीय कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने नवजोत सिंह सिद्धू को विशेष आशीर्वाद प्राप्त है। प्रियंका गांधी नवजोत सिंह सिद्धू की बेबाकी, मजबूत लीडरशिप और उनकी ईमानदारी की कायल हैं। वह जेल में समय-समय पर नवजोत सिंह सिद्धू को अपने संदेश भेजती रही है। प्रियंका गांधी ने जेल में नवजोत सिंह सिद्धू को एक पत्र भी भेजा था। यह पत्र क्या था इस बारे में अभी कुछ स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन इतना तो साफ हो गया है कि प्रियंका गांधी ने एक पत्र के जरिए नवजोत सिंह सिद्धू को अपना खास संदेश भेजा था। जेल से छूटने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब की सक्रिय राजनीति में उतरेंगे और 2024 के लोकसभा चुनाव में अहम भूमिका निभाएंगे। कांग्रेस आलाकमान भी उनकी लोकप्रियता का फायदा उठाना चाहता है। उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर स्टार प्रचारक के रूप में भेजा जा सकता है।
नवजोत सिंह सिद्धू की रिहाई के बाद कांग्रेस को मिलेगी नई जिंदगी
समाना हलके के पूर्व विधायक राजिंदर सिंह ने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब की राजनीति में एक ऐसा चेहरा हैं, जिन पर लोग काफी भरोसा करते हैं। करतारपुर कॉरिडोर खुलवाने वाल भी सिद्धू हैं। उन्होंने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू ही पंजाब को भ्रष्टाचार मुक्त राजनीति दे सकते हैं। उनकी रिहाई की खबर से हर कांग्रेस कार्यकर्ता और आम पंजाबी बेहद खुश है। लोगों का मानना ​​है कि नवजोत सिंह सिद्धू ही पंजाब की समस्याओं का समाधान कर सकते हैं क्योंकि वे बेदाग और ईमानदार नेता हैं। राजिंदर सिंह ने कहा कि उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे और काफिले के रूप में उन्हें सेंट्रल जेल पटियाला के गेट लेकर आएंगे। जगह-जगह उनका स्वागत किया जाएगा।