देवभूमि न्यूज नेटवर्क
हिमाचल प्रदेश
शिमला
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की ब्लॉक से लेकर प्रदेश तक की कार्यकारिणी को भंग करने की तैयारी है। प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने हाईकमान को पत्र लिखकर पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर नए सिरे से गठन की मंजूरी मांगी है। संगठन में निष्क्रिय पदाधिकारियों की जगह नई नियुक्तियां करने का हाईकमान से अधिकार मांगा है।करीब ढाई साल पहले अध्यक्ष बनीं प्रतिभा सिंह ने अभी तक संगठन में बड़े स्तर पर बदलाव नहीं किया है। संगठन के कई बड़े पदाधिकारी पार्टी छोड़कर भाजपा में भी शामिल हो चुके हैं।विधानसभा चुनाव से तीन साल पहले प्रतिभा ने संगठन की मजबूती के लिए काम शुरू कर दिया है।

सत्तारुढ़ दल को कैसे मजबूत किया जाए, इसे लेकर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के साथ मिलकर अध्यक्ष ने अभी से काम करना शुरू कर दिया है। बीते दिनों दिल्ली दौरे पर गईं प्रतिभा ने पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ इस मामले पर चर्चा भी की है। अब हाईकमान को पत्र लिखकर नई कार्यकारिणी के गठन की मंजूरी मांगी है।

मंजूरी मिलते ही निष्क्रिय पदाधिकारियों की छुट्टी कर उनकी जगह सक्रिय कार्यकर्ताओं को अधिमान दिया जाएगा। युवाओं के साथ अनुभवी नेताओं को बड़ी जिम्मेवारियां सौंपी जाएंगी।
पार्टी को सक्रिय और मजबूत करने के लिए फेरबदल की आवश्यकता है। हाईकमान से पूरी कार्यकारिणी भंग कर नए पदाधिकारी बनाने की मंजूरी मांगी है। मुख्यमंत्री से चर्चा के बाद नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा
