नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में 18 लोगों की मौत

Share this post

देवभूमि न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात भगदड़ में 18 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दर्जनों लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों का इलाज दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल में चल रहा है। भगदड़ की खबर पर स्टेशन पर एंबुलेंस और पुलिस की टीम पहुंच गई। आनन फानन में घायलों को अस्पताल लेकर आया गया। अस्पताल में काम करने वालीं कर्मचारी ने बताया कि रात में वहां कैसा मंजर था।
अस्पताल में कैसा था मंजर?
एलएनजेपी अस्पताल की कर्मचारी गीता ने बताया, रात 10 बजे से ही एलएनजेपी अस्पताल में घायलों और शवों को लाया गया। स्टेशन से 15 शवों को लाया गया। वहीं 10-12 घायल भी लाए गए। मृतकों में तीन बच्चे भी थे। उन्होंने बताया कि लोग बुरी तरह घायल थे। कुछ घायलों को हड्डी वार्ड में शिफ्ट किया गया।
भगदड़ में 18 लोगों की मौत
दिल्ली पुलिस ने स्टेशन भगदड़ में 18 लोगों की मौत की पुष्टि की है। इसमें 14 महिलाएं शामिल हैं। वहीं रेलवे ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ में मारे गए लोगों के परिजनों को 10 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है। इसके अलावा गंभीर रूप से घायलों को 2.5 लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को 1 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।

स्टेशन पर कैसे हुई भगदड़?
जानकारी के मुताबिक, यह घटना नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर उस समय हुई, जब अचानक प्रयागराज जाने वाली दो ट्रेनों के रद्द होने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई थी। बताया जा रहा है कि प्लेटफार्म नंबर 14 और 15, जो एक साथ हैं, के बीच अचानक भारी भीड़ पहुंच गई। इसी बीच दो ट्रेन कैंसिल होने की अफवाह लोगों में तेजी से फैल गई और भगदड़ जैसी स्थिति मच गई