भारत सरकार ने शिलाई क्षेत्र के अधिवक्ता श्याम सिंह चौहान को किया कांउसिल नियुक्त

Share this post

देवभूमि न्यूज नेटवर्क
हिमाचल प्रदेश-सिरमौर
कार्तिकेय तोमर-शिलाई

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के गिरिपार क्षेत्र के उपमंडल शिलाई के गावँ शिरी-क्यारी से ताल्लुक रखने वाले प्रख्यात अधिवक्ता श्याम सिंह चौहान को भारत सरकार द्वारा सेंटर गवर्नमेंट ने काउंसिल नियुक्त किया है। यह नियुक्ति न केवल उनके व्यक्तिगत कैरियर की एक बड़ी उपलब्धि है, बल्कि पूरे गिरिपार क्षेत्र और हाटी समुदाय के लिए भी गौरव का विषय है।
न्याय के क्षेत्र में प्रतिष्ठित नाम
श्याम सिंह चौहान वर्षों से कानूनी क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाते आ रहे हैं। वे अपनी प्रखर वकालत, गहरी विधिक समझ और समाज के वंचित वर्गों के लिए संवेदनशीलता के लिए जाने जाते हैं। विशेष रूप से, उन्होंने हाटी समुदाय की सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों के लिए हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय में मजबूती से पैरवी की है।

हाटी विकास मंच के प्रमुख अधिवक्ता
वर्तमान में वे हाटी विकास मंच, हिमाचल प्रदेश की ओर से कानूनी सलाहकार एवं उच्च न्यायालय में काउंसिल के रूप में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने समुदाय की वर्षों पुरानी एसटी दर्जे की मांग, परंपरागत अधिकारों और क्षेत्रीय अस्मिता के लिए सशक्त कानूनी लड़ाई लड़ी है।

केंद्र सरकार की ओर से मिलेगी पैरवी की जिम्मेदारी
“सेंटर गवर्नमेंट काउंसिल” के रूप में उनकी नियुक्ति का अर्थ है कि अब वे भारत सरकार की ओर से उच्च न्यायालय में विभिन्न कानूनी मामलों में सरकार का पक्ष रखेंगे। यह पद न केवल कानूनी योग्यता की मांग करता है, बल्कि गहन जिम्मेदारी, निष्पक्षता और राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रतिबद्धता का प्रतीक भी है।

गिरिपार क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा
उनकी यह उपलब्धि उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों में रहकर भी बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का साहस रखते हैं। गिरिपार क्षेत्र, जो वर्षों से विकास की मुख्यधारा से थोड़ा अलग रहा है, अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है — और इसमें श्याम सिंह चौहान जैसे व्यक्तित्वों की भूमिका निर्विवाद है।