भगवंत मान को किया जा रहा साइडलाइन…पंजाब सीएम को लेकर रेखा गुप्ता का बड़ा दावा

Share this post

देवभूमि न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली

पंजाब में भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार में सियासी उठापटक का दौर जारी है। अब दिल्ली की मुख्यमंत्री ने पंजाब सीएम को लेकर बड़ा बयान दिया है। आप आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए रेखा गुप्ता ने कहा, भगवंत मान को काम करने की पूरी आजादी नहीं दी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार को दिल्ली के आप नेता चला रहे हैं, जिन्हें दिल्ली की जनता ने नकार दिया है।
इंडिया टुडे के एक कार्यक्रम में दिल्ली सीएम ने केजरीवाल पर आरोप लगाते हुए कहा, भगवंत मान ड्रग्स के नेटवर्क को राज्य से हटाना चाहते हैं और पंजाब का कर्ज कम करना चाहते हैं। लेकिन उन्हें पूरी ताकत नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में मुख्यमंत्रियों की मीटिंग में मान बहुत परेशान थे।

भगवंत मान को बोलने नहीं दिया जा रहा: सीएम रेखा गुप्ता
रेखा गुप्ता ने कहा, ‘भगवंत मान को बोलने नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने मुझसे कहा कि एक महिला होने के बावजूद दिल्ली में आपको पूरी आजादी है। लेकिन पंजाब में केजरीवाल ही सब कुछ करते हैं और मुझे पीछे कर देते हैं।’ जब उनसे पूछा गया कि क्या मान ने यह बात रिकॉर्ड पर कही है, तो उन्होंने कहा, ‘कुछ बातें बिना कहे भी समझ आ जाती हैं। वह पंजाब के लिए काम करना चाहते हैं, लेकिन कर नहीं पा रहे हैं।’
रेखा गुप्ता ने अरविंद केजरीवाल पर लगाए आरोप
दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाते हुए कहा कि, उन्होंने दिल्ली की जनता को धोखा दिया है। आप के 10 साल के शासन में दिल्ली को कोई काम नहीं हुए हैं।’ दिल्ली सीएम ने कहा, जब मैं केजरीवाल से मिलूंगी, तो पूछूंगी कि उन्होंने दिल्ली की जनता के लिए काम क्यों नहीं किया और लोगों को धोखा क्यों दिया?
केजरीवाल ने बनवाया शीशमहल: दिल्ली सीएम
रेखा गुप्ता ने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने जनता के पैसे से शीशमहल बनवाया है। मैं वहां रह सकती थी, लेकिन मैं नहीं रही। मैं लोगों को बीच रहती हूं और काम करती हूं। मेरे घर का नाम जन सेवा सदन है।

दिल्ली में 27 साल बाद बीजेपी ने सत्ता में वापसी की है। पार्टी नेतृत्व ने रेखा गुप्ता पर भरोसा जताते हुए उन्हें सीएम पद की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने दिल्ली में जलभराव की समस्या को लेकर आप और कांग्रेस पर आरोप लगाया है, कि दोनों के कुप्रबंधन की वजह से दिल्ली में जलभराव की समस्या बनी।