देवभूमि न्यूज 24.इन
शहीद सोहन सिंह मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मानपुर देवड़ा में राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय विशेष शिविर चल रहा है। शिविर के पांचवे दिन पुलिस विभाग की ओर से विशेष सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारियों ने स्वयंसेवियों को कानून और सामाजिक दायित्वों की जानकारी दी।

इस कार्यक्रम में सिघपुरा पुलिस चौकी के एएसआई किशन सिंह भंडारी, हेड कांस्टेबल हंसराज शर्मा और कांस्टेबल कपिल शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। तीनों अधिकारियों ने राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों को समाज में कानून व्यवस्था बनाए रखने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं को बताया कि कानून का पालन करना केवल कानूनी दायित्व ही नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है।

एएसआई किशन सिंह भंडारी ने स्वयंसेवियों को ’’सड़क सुरक्षा’’ के नियमों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि सड़क हादसे अक्सर छोटी-छोटी लापरवाहियों के कारण होते हैं। यदि युवा वर्ग ट्रैफिक नियमों का पालन करें तो समाज में एक बड़ी सकारात्मक पहल हो सकती है। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट पहनने की आदत डालने पर विशेष जोर दिया।

हेड कांस्टेबल हंसराज शर्मा ने ’’नशा मुक्ति अभियान’’ पर बोलते हुए युवाओं को बताया कि नशा समाज को खोखला कर रहा है। इस बुराई से दूर रहकर ही युवा अपने भविष्य को सुरक्षित बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना जैसे मंच युवाओं को समाज में जागरूकता फैलाने का सशक्त अवसर प्रदान करते हैं।कांस्टेबल कपिल शर्मा ने स्वयंसेवियों को ’’साइबर क्राइम और महिला सुरक्षा’’ से जुड़ी जानकारी दी।

उन्होंने समझाया कि आज के डिजिटल युग में ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। युवाओं को चाहिए कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने यह भी कहा कि महिला सुरक्षा हर नागरिक का दायित्व है, और इस दिशा में युवाओं की भूमिका अहम है।

कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवियों ने भी सवाल पूछे और पुलिस अधिकारियों से कानूनी पहलुओं पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने युवाओं को यह भरोसा दिलाया कि पुलिस हमेशा आमजन की सुरक्षा और सहयोग के लिए तत्पर रहती है।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों ने पुलिस विभाग का आभार जताते हुए कहा

कि इस तरह के सत्र स्वयंसेवकों को जीवन भर मार्गदर्शन देते हैं। युवाओं को न केवल कानून की बारीकियों का ज्ञान हुआ, बल्कि उन्होंने यह भी समझा कि एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में उनकी भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है।
उधर राष्ट्रीय सेवा योजना के N S S प्रभारी श्री विनोद कपूर और श्रीमती सुमन कुमारी जानकारी देते हुए बताया कि इस जो पुलिस विभाग के अधिकारियों द्वारा जानकारी मुहैया करवाई गई वह बच्चों के जीवन में एक नई अलख जगाएगी।
