शारदीय नवरात्रि में जरूर लाएं ये चार चीजें, घर में आएगी सुख समृद्धि

Share this post

  *देवभूमि न्यूज 24.इन*

⭕शक्ति और साधना का महापर्व शारदीय नवरात्रि २२ सितंबर २०२५ को शुरू हो चुका है। यह नौ दिवसीय उत्सव न केवल आध्यात्मिक शुद्धि का, बल्कि घर में सकारात्मक ऊर्जा और समृद्धि को आमंत्रित करने का भी सबसे शुभ समय होता है।

ज्योतिष और वास्तु शास्त्र के अनुसार नवरात्रि के इन पावन दिनों में कुछ विशेष वस्तुओं को खरीदकर घर लाना अत्यंत मंगलकारी माना जाता है। मान्यता है कि इन चीजों को घर लाने से मां दुर्गा प्रसन्न होती हैं और भक्तों के घर में सुख, शांति और धन-धान्य की कभी कमी नहीं होती। आइए इस लेख में उन शुभ चीजों के बारे में जानते हैं, जिन्हें इस नवरात्रि आपको अपने घर अवश्य लाना चाहिए।

⚜️१. कमल का फूल या चित्र
कमल का पुष्प धन की देवी मां लक्ष्मी को अत्यंत प्रिय है और मां दुर्गा उन्हीं का स्वरूप हैं। नवरात्रि के दौरान घर में कमल का फूल लाना बहुत शुभ होता है। यदि ताजा पुष्प संभव न हो तो आप कमल के फूल का चित्र भी पूजा घर में लगा सकते हैं। माना जाता है कि इससे घर में मां लक्ष्मी का वास स्थिर होता है और धन संबंधी परेशानियां दूर होती हैं।

⚜️२. सोलह श्रृंगार का सामान
मां दुर्गा को ‘अखंड सौभाग्यवती’ माना जाता है, इसलिए नवरात्रि में सोलह श्रृंगार की सामग्री घर लाना बेहद शुभ है। इसमें लाल चुनरी, बिंदी, सिंदूर, चूड़ियां आदि शामिल होती हैं। इन वस्तुओं को घर लाकर पहले देवी को अर्पित करें और फिर प्रसाद के रूप में घर की महिलाएं उपयोग करें। ऐसा करने से देवी प्रसन्न होकर अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद प्रदान करती हैं।

⚜️३. मोरपंख

मोरपंख को अत्यंत पवित्र माना गया है और इसका संबंध मां सरस्वती और कार्तिकेय से भी है। नवरात्रि में मोरपंख घर लाकर उसे पूजा स्थल या बच्चों के अध्ययन कक्ष में रखने से नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है। यह घर के वास्तु दोषों को दूर करने में भी सहायक है और इससे बच्चों की बुद्धि तीव्र होती है तथा एकाग्रता बढ़ती है।

⚜️४. चांदी का सिक्का या हाथी

नवरात्रि के किसी भी शुभ दिन चांदी का सिक्का या छोटी सी चांदी की हाथी की मूर्ति घर लाएं। चांदी को समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। इस सिक्के या हाथी की पूजा कर इसे अपनी तिजोरी या धन रखने के स्थान पर रख दें। मान्यता है कि इस उपाय से घर में धन-संपत्ति में बरकत होती है और आर्थिक स्थिति मजबूत होती है।

 *🚩#जय_माता_की🚩*