133 इकोलॉजिकल टास्क फोर्स (पश्चिमी कमांड, भारतीय सेना) को हिमाचल सरकार का ‘समर्थ-2025 अवार्ड’ प्रदान

Share this post


देवभूमि न्यूज 24.इन


133 इकोलॉजिकल टास्क फोर्स (पश्चिमी कमांड, भारतीय सेना) को हिमाचल प्रदेश में उत्कृष्ट पर्यावरण प्रबंधन और आपदा प्रतिक्रिया हेतु ‘हिमाचल सरकार समर्थ 2025 अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।भारतीय सेना की इको टास्क फोर्स राज्य में पिछले 20 वर्षों से बड़े स्तर पर वनीकरण और पर्यावरण संरक्षण कार्य तो कर ही रही है, साथ ही मंडी और कुल्लू जिलों में सतलुज व ब्यास नदी घाटी क्षेत्रों में आपदा राहत एवं न्यूनीकरण अभियानों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस वर्ष जुलाई से सितंबर के बीच आई बाढ़, भूस्खलन एवं मानसून आपदा के दौरान लुधियाना-चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर फंसे यात्रियों को राहत पहुंचाने में यूनिट ने सराहनीय कार्य किया।

टास्क फोर्स के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल दीपक कुमार ने इस अवसर पर कहा कि भारतीय सेना राष्ट्रनिर्माण के अपने मिशन के तहत हमेशा नागरिक प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में सहायता देने, जन व संपत्ति की सुरक्षा करने के लिए संकल्पित व प्रतिबद्ध है।इको टास्क फोर्स ने पर्यावरण जागरूकता, आपदा प्रतिक्रिया उपायों, प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण हेतु मेगा जागरूकता अभियान भी चलाए हैं और हिमाचल प्रदेश में 2.5 लाख से अधिक नागरिकों तक अपनी पहुंच बनाई है।वनाग्नि शमन और असाधारण सामर्थ्य प्रदर्शित करते हुए इकाई ने लगभग 900 हेक्टेयर भूमि को वनाग्नि से बचाया, जिससे प्रदेश में जन-जीवन एवं संपत्ति की रक्षा हुई, जिसे राज्य सरकार ने सराहा है।सम्मानित करते हुए माननीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री श्री अनिरुद्ध सिंह ने भारतीय सेना की इको टास्क फोर्स को पर्यावरणीय समर्पण व योगदान के लिए धन्यवाद दिया और कर्नल दीपक कुमार को उनकी नेतृत्व क्षमता व उत्कृष्ट पेशेवरिता के लिए विशेष बधाई दी।