जेबीपी फाउंडेशन ने सोलन महाविद्यालय की दो संघर्षशील छात्राओं को दिए ₹24,000/- के चेक

Share this post

देवभूमि न्यूज नेटवर्क
सोलन
हिमाचल प्रदेश

जेबीपी फाउंडेशन ने राजकीय महाविद्यालय सोलन में संघर्षशील परिवारों से संबंधित दो होनहार छात्राओं को आर्थिक सहायता प्रदान की है। फाउंडेशन की वालंटियर और इसी महाविद्यालय की स्नातक छात्रा कुमारी साक्षी ठाकुर ने कुमारी अंजली और कुमारी भूमिका चौहान को ₹12,000/- प्रत्येक के चेक वितरित किए। दोनों छात्राएं जिला सिरमौर से संबंधित हैं और उन्होंने पिछली हिमाचल शिक्षा बोर्ड की वार्षिक परीक्षा में 80% से अधिक अंक प्राप्त किए हैं।
कुमारी साक्षी ठाकुर स्वयं भी सिरमौर की निवासी हैं और पूर्व में फाउंडेशन की योजना का लाभ उठा चुकी हैं। वह अब वालंटियर के रूप में जरूरतमंद छात्रों को आर्थिक सहायता दिलवाती हैं। इस वर्ष सोलन महाविद्यालय के दो अन्य छात्रों को भी पूर्व में ₹12000/- वितरित किए गए हैं, जिसके साथ इस वर्ष कुल ₹48,000/- की आर्थिक सहायता वितरित की जा चुकी है।


देहरादून में 20.12.2018 को सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी श्री एस एन शर्मा द्वारा स्थापित जेबीपी फाउंडेशन, गरीब परिवारों के होनहार छात्रों की मदद के लिए कार्यरत है। संस्था स्थापना से लेकर 31.03.2025 तक करीब 725 छात्रों को 20 लाख से अधिक की राशि वितरित कर चुकी है। यह संगठन सक्षम लोगों को अपनी आय का केवल 1% भाग गरीब छात्रों के हितार्थ दान करने के लिए प्रेरित करता है, ताकि वे अपने सपनों को साकार कर सकें।
संगठन की मान्यता है कि गरीब परिवारों में पैदा हुए छात्रों के भी आसमान छूने के सपने हो सकते हैं और सक्षम लोग उनके सारथी बनकर देश के लिए मानव संपदा का निर्माण कर सकते हैं। यह संगठन 80% या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले तथा ₹7000/- से कम मासिक आय वाले परिवार के छात्रों को तुरंत ₹10,000/- की सहायता प्रदान करता है। यह 70% अंक प्राप्त करने वाले और कमाने वाले सदस्य की मृत्यु वाले परिवारों के छात्रों को भी सहायता देता है, साथ ही नौकरी के इंटरव्यू के लिए यात्रा खर्च भी उपलब्ध कराता है।