देवभूमि न्यूज 24.इन
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने सिरमौर जिले के राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अम्बोया में राज्य स्तरीय अंडर-19 छात्र व छात्रा सांस्कृतिक कार्यक्रम का दीप प्रज्जवल कर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियां महत्वपूर्ण हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सिरमौर जिला में पहला केंद्रीय विद्यालय पांवटा साहिब में खुलने जा रहा है, जिसके लिए हरिपुर टोहना में 80 बीघा भूमि का चयन कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस विद्यालय के खुलने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा सुविधाएं मिलेंगी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गुणवत्ता युक्त शिक्षा सहित खेलकूद और सांस्कृतिक क्षेत्र में विद्यार्थियों को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 100 सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं को सीबीएसई बोर्ड से संचालित करने का निर्णय लिया है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि अंबोया स्कूल को सीबीएसई बोर्ड के अन्तर्गत लाया जाएगा। उन्होंने मेधावी छात्र व छात्राओं को सम्मानित किया और उनकी मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने का आश्वासन दिया।