हमीरपुर हत्याकांड: आरोपी की उम्र पर सवाल, राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी ने पुलिस और कानून पर उठाए सवाल

Share this post


देवभूमि न्यूज 24.इन


हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में 40 वर्षीय महिला रंजना देवी की बर्बर हत्या के मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के मीडिया प्रभारी पंकज शर्मा ने आरोपी की उम्र को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं और पुलिस की कार्यप्रणाली तथा कानूनी प्रक्रिया पर प्रश्नचिह्न लगाया है। उन्होंने मांग की है कि राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) मामले का संज्ञान ले और पीड़ित परिवार को तत्काल न्याय दिलाए।
पंकज शर्मा ने कहा, “हमीरपुर के सासन क्षेत्र में रंजना देवी की निर्मम हत्या के आरोपी को पुलिस नाबालिग बता रही है, लेकिन सभी लोग उसे 24-25 वर्ष का युवा ही बता रहे हैं। आरोपी के आधार कार्ड पर जन्म वर्ष 2000 अंकित है, जो वर्तमान में उसे करीब 25 वर्ष का बनाता है। यदि यह सच्चाई है, तो पुलिस की जांच और कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा होता है। क्या इतनी बड़ी विसंगति को नजरअंदाज कर न्याय मिल सकता है?”
यह बयान ऐसे समय पर आया है जब रंजना देवी की हत्या ने पूरे क्षेत्र को हिलाकर रख दिया है। 3 नवंबर को सासन पंचायत के खेतों में घास काट रही रंजना पर एक कथित नाबालिग ने दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध पर आरोपी ने दरांती से उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। चंडीगढ़ के पीजीआई में पांच दिनों तक जिंदगी से जूझने के बाद शुक्रवार रात को उनकी मौत हो गई।
मृत्यु की खबर फैलते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने रंजना के शव को नेशनल हाईवे-103 पर रखकर चक्का जाम कर दिया और आरोपी को सौंपने तथा सख्त सजा की मांग की। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी परिवार से बात की, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।