*देवभूमि न्यूज 24.इन*
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को ऐतिहासिक रिज मैदान से चिट्टा विरोधी जागरूकता अभियान की शुरुआत की। इस अभियान के तहत एंटी-चिट्टा वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। यह अभियान अगले तीन महीनों तक चलाया जाएगा, जिसमें प्रदेश के सभी जिलों में एंटी-चिट्टा वॉकथॉन आयोजित की जाएंगी।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने इस अभियान को जन आंदोलन बनाने की घोषणा की और लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाए हुए है और चिट्टा माफिया को चेतावनी दी कि वे अपना काला कारोबार छोड़ दें, नहीं तो उन्हें जेल जाने के लिए तैयार रहना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चिट्टा एक जहर है जो प्रदेश की आत्मा पर हमला कर रहा है और युवाओं के सपनों को जला रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नशे के खिलाफ एकजुट होकर लड़ें और अपने परिवारों और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए काम करें।
इस अवसर पर, मुख्यमंत्री ने 100 एंटी-चिट्टा वालंटियरों की भर्ती करने की घोषणा की, जिन्हें सरकार प्रोत्साहन राशि देगी। उन्होंने कहा कि नशे की तस्करी पर आजीवन कारावास और 10 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा।