कबड्डी प्रतिभा के साथ अन्याय: पिता ने उठाई आवाज, न्याय की मांग

Share this post


देवभूमि न्यूज 24.इन


हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई तहसील के गांव भटनोल निवासी जगपाल चौहान ने अपने बेटे अक्षय ठाकुर के साथ हुए अन्याय का मुद्दा उठाया है। अक्षय, जो खेलो इंडिया सेंटर राजपुरा से लेफ्ट कॉर्नर की भूमिका में खेलता है, ने हाल ही में शिमला के जुब्बल में आयोजित सब जूनियर स्टेट कबड्डी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन नेशनल टीम के लिए चयनित होने के बावजूद उसका नाम अंतिम सूची से हटा दिया गया।

जगपाल चौहान ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने कहा, “मेरा बेटा अक्षय ठाकुर ने चैंपियनशिप के हर मैच में हाई-फाई लगाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। फाइनल मैच में भी उसका प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा, लेकिन इसके बावजूद उसका नाम नेशनल टीम की सूची से काट दिया गया। यह हमारे लिए बहुत बड़ा झटका है और हमें न्याय चाहिए।”

चौहान ने हिमाचल प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन पर आरोप लगाते हुए कहा, “यह नाइंसाफी है और बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। मैं एसोसिएशन से पूछना चाहता हूं कि आखिर क्यों मेरे बेटे का हक मार दिया गया? मैं इस मामले को लेकर आवाज उठा रहा हूं और जरूरत पड़ी तो न्याय के लिए कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाऊंगा।”

चौहान ने लोगों से अपील की है कि वे उनके बेटे के मैचों की रिकॉर्डिंग देखें और न्याय दिलाने में उनका साथ दें। उन्होंने कहा, “मैं चाहता हूं कि मेरे बेटे को उसका हक मिले और भविष्य में किसी भी खिलाड़ी के साथ ऐसा अन्याय न हो।”

इस मामले पर हिमाचल प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।