माजरा स्कूल में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह, सांस्कृतिक धरोहर रही थीम

Share this post

देवभूमि न्यूज नेटवर्क
कार्तिकेय तोमर-नाहन
सिरमौर,हिमाचल प्रदेश

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय माजरा में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षा उपनिदेशक (उच्च) डॉ. हिमेन्द्र चंद बाली तथा विशिष्ट अतिथि उपनिदेशक (प्रारंभिक) राजीव ठाकुर और उपनिदेशक (गुणवत्ता) सुश्री रीता गुप्ता रहे।

प्रधानाचार्या ऋतु भारद्वाज ने अतिथियों का स्वागत करते हुए वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस वर्ष की थीम ‘हिमाचल और पड़ोसी राज्यों की सांस्कृतिक धरोहर’ रही, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों ने गढ़वाली, कश्मीरी, हरियाणवी, भांगड़ा, कव्वाली सहित विभिन्न लोकनृत्य प्रस्तुत किए। नशा मुक्ति पर एक प्रभावशाली एकांकी भी मंचित की गई।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कक्षाओं के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर हॉकी में चयनित ज्योति, नैना, यामिनी, तनिषा, ईशा, रवीना, कशिश, मुस्कान, माही शर्मा, रिया और शिखा को भी सम्मानित किया गया। राज्य व जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया।

NSS, स्वच्छता पखवाड़ा, स्काउट-गाइड, शरद महोत्सव, राजभाषा हिंदी पखवाड़ा और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कई विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

प्रधानाचार्या के नेतृत्व में नशा मुक्ति हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें लगभग 300 अभिभावकों और शिक्षकों ने भाग लिया। विद्यालय में BSNL के सहयोग से उपस्थिति मॉनिटरिंग प्रणाली की नई पहल भी शुरू की गई, जिसके तहत विद्यार्थी अनुपस्थित होने पर अभिभावकों को स्वतः संदेश भेजा जाएगा।

कार्यक्रम का संचालन सुश्री सृष्टि और मति जेबा ने किया। समारोह में विद्यालय का पूरा स्टाफ उपस्थित रहा!