देवभूमि न्यूज नेटवर्क
हिमाचल प्रदेश
शिमला
हिमाचल प्रदेश में अग्निशमन सेवाओं में महिलाओं को शामिल करने की योजना बनाई जा रही है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने घोषणा की है कि अग्निशमन विभाग में महिलाओं को शामिल करने के लिए भर्ती नियमों में बदलाव किया जाएगा। इसके अलावा, प्रदेश में होम गार्ड की भर्ती भी जल्द ही की जाएगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि गृह रक्षा एवं अग्निशमन सेवाओं ने वर्षभर में 708 खोज एवं बचाव अभियानों को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है, जिसमें 448 लोगों की जान बचाई गई है। विभाग की पेशेवर क्षमता व दक्षता से प्रदेश में दो हजार करोड़ की संपत्ति को नुकसान से बचाया गया है।
गृह रक्षा विभाग ने एक हजार 35 स्थलों पर जल स्रोतों एवं जल निकायों का जीर्णोद्धार किया है, जो अत्यंत सराहनीय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तीकरण को विशेष अधिमान दे रही है और व्यवस्था परिवर्तन के ध्येय से सकारात्मक बदलाव ला रही है