देवभूमि न्यूज नेटवर्क
संवाददाता,कफोटा
सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने हेतु राजकीय महाविद्यालय कफोटा की ओर से एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली कॉलेज परिसर से प्रारम्भ होकर कफोटा बाज़ार तक निकाली गई, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और सुरक्षित यातायात का संदेश दिया।
रैली के दौरान छात्रों ने स्लोगन, पोस्टर और नारेबाज़ी के माध्यम से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की।
मुख्य संदेशों में — हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य प्रयोग, नशे में वाहन न चलाना, मोबाइल फोन का उपयोग न करना तथा गति सीमा का पालन करना शामिल रहा।

इस कार्यक्रम का सफल संचालन रोड सेफ्टी क्लब के कोऑर्डिनेटर प्रो. दिनेश कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने छात्रों को सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं और जिम्मेदार नागरिक के रूप में यातायात नियमों का पालन करने की आवश्यकता पर महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
रैली के समापन पर छात्रों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे स्वयं ट्रैफिक नियमों का पालन करेंगे और समाज को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। कॉलेज प्रशासन ने कार्यक्रम की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे जागरूकता अभियानों को जारी रखने पर जोर दिया।