*देवभूमि न्यूज 24.इन*
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर आरोप लगाया है कि वे लगातार झूठ की राजनीति कर रहे हैं और विधानसभा सत्र में भी सही जानकारी उपलब्ध नहीं करा रहे। मंडी में जारी प्रेस बयान में जयराम ठाकुर ने कहा कि विपक्ष द्वारा पूछे जाने वाले सवालों के जवाब में मुख्यमंत्री पिछले तीन वर्षों से सिर्फ एक ही वाक्य दोहरा रहे हैं “सूचना एकत्र की जा रही है।”
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कब तक यह सूचना एकत्र करने का कार्य चलता रहेगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र का उद्देश्य ही यह होता है कि सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी 68 विधायक जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार से स्पष्ट और समयबद्ध जवाब प्राप्त कर सकें, लेकिन सरकार की ओर से लगातार टालमटोल की जा रही है।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारियों को इतनी ढिलाई दे दी गई है कि वे सत्र के दौरान भी ठोस जवाब देने से बचते हैं। उन्होंने कहा कि मजबूर होकर अब विपक्षी विधायक आवश्यक सूचनाएँ प्राप्त करने के लिए विधानसभा के बजाय आरटीआई का सहारा ले रहे हैं। इसे उन्होंने मुख्यमंत्री का बेहद गैर-जिम्मेदाराना रवैया बताया।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि शीतकालीन सत्र में सभी विधायकों ने जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा की। उन्होंने बताया कि सदन में विपक्ष को अपने विचार रखने का अवसर अध्यक्ष के सहयोग से ही संभव होता है, और इस बार अध्यक्ष ने इसमें सकारात्मक भूमिका निभाई, जिसके लिए वे पूरे विधायक दल की ओर से उनका आभार व्यक्त करते हैं।
उन्होंने कहा कि सदन में कई बार तीखी नोकझोंक भी हुई, जिससे वातावरण गरमाया, लेकिन सत्र समाप्त होने के बाद ऐसी बातें सदन के भीतर ही छोड़ कर बाहर निकलना लोकतांत्रिक परंपरा का हिस्सा है। जयराम ठाकुर ने विधानसभा सचिवालय के कर्मचारियों, अधिकारियों और प्रशासनिक तंत्र को सत्र संचालन में सहयोग के लिए धन्यवाद भी दिया।