केंद्र सरकार ने हिमाचल को दी सुदृढ़ सड़क व पुल नेटवर्क की बड़ी सौगात : कंगना रनौत

Share this post

 *देवभूमि न्यूज 24.इन*

भाजपा सांसद कंगना रनौत ने कहा है कि केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश की भौगोलिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए लगातार राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की सड़कें राज्य की जीवन रेखा हैं और केंद्र द्वारा सड़क एवं पुल निर्माण में किए जा रहे निवेश से आने वाले वर्षों में प्रदेश की प्रगति को नई गति मिलेगी।

कंगना रनौत मनाली–लेह सामरिक मार्ग पर सीमा सड़क संगठन (BRO) की परियोजनाओं के वर्चुअल उद्घाटन के अवसर पर बोल रही थीं। उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई परियोजनाओं से सेना के भारी वाहनों तथा पर्यटकों की आवाजाही पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित, सुगम और तेज होगी।

उन्होंने बताया कि बीआरओ ने लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से मनाली–लेह मार्ग पर चार महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजनाओं को पूरा किया है। इनमें 70 मीटर लंबा शोगटोंग ब्रिज, जिंगजिंगबर में दो मल्टी-सेल बॉक्स ब्रिज, तथा कीलिंग सराय में 60 मीटर लंबा यूनम ब्रिज शामिल हैं। सभी पुल अत्याधुनिक तकनीक से निर्मित हैं ताकि हर मौसम में भारी वाहनों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित हो सके।

रविवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लेह से देशभर की 125 परियोजनाओं का लोकार्पण किया। नए पुलों के निर्माण से मनाली–लेह हाईवे पर वर्षों से चली आ रही एवलांच ज़ोन, उफनते नाले और कच्चे रास्तों की कठिनाइयों से बड़ी राहत मिलेगी। पहले जहां सेना के काफिलों और आम यात्रियों को जोखिम भरे मार्गों से गुजरना पड़ता था, वहीं अब यात्रा अधिक सुरक्षित और भरोसेमंद हो जाएगी।

कंगना रनौत ने कहा कि ये परियोजनाएं न केवल सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं, बल्कि पर्यटन को भी नया आयाम देंगी। मनाली–लेह हाईवे पर यात्रा करने वाले पर्यटकों को अब बेहतर और सुरक्षित अनुभव मिलेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का हिमाचल के विकास में निरंतर सहयोग के लिए धन्यवाद किया और कहा कि केंद्र सरकार के मजबूत नेतृत्व में प्रदेश तेजी से प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।