हिमाचल सरकार तीन शैक्षणिक सत्रों के मेधावियों को वाउचर देकर करेगी सम्मानित निजी स्कूलों को योजना से बाहर रखा

Share this post

  *देवभूमि न्यूज 24.इन*

हिमाचल प्रदेश सरकार 11 दिसंबर को मंडी में आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम में तीन शैक्षणिक सत्रों 2023, 2024 और 2025 के मेधावी विद्यार्थियों को एक साथ सम्मानित करेगी। यह पहली बार है जब सरकार एक ही मंच से करीब दस हजार टॉपर छात्रों को सम्मानित करने जा रही है।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू कार्यक्रम में शामिल होकर प्रत्येक जिला से चयनित दो-दो मेधावी छात्रों को मंच पर बुलाकर सम्मानित करेंगे। इनमें दसवीं और बारहवीं कक्षा के वे विद्यार्थी शामिल हैं, जिन्होंने बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य स्तरीय मेरिट सूची में स्थान पाया है।
जिलों को निर्देश, अभिभावकों को विशेष आमंत्रण
शिक्षा विभाग ने समारोह को लेकर सभी जिलों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। चयनित विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को मंडी में प्रस्तावित रैली में विशेष निमंत्रण के साथ बुलाया जा रहा है।
जिन मेधावियों को मंच पर सम्मानित नहीं किया जाएगा, उनके लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। ऐसे सभी विद्यार्थियों को सम्मान स्वरूप दिए जाने वाले वाउचर उनके संबंधित स्कूलों के माध्यम से ही प्रदान किए जाएंगे। इसकी ज़िम्मेदारी स्कूल प्रिंसिपलों को सौंपी गई है।
सिर्फ सरकारी स्कूलों के छात्रों को मिलेगा लाभ
सरकार के निर्देशों के अनुसार, इस सम्मान योजना के दायरे में केवल सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी शामिल होंगे। निजी स्कूलों को सूची से बाहर रखा गया है।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि इसका उद्देश्य सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले प्रतिभाशाली बच्चों को प्रोत्साहित करना है।
मेधावियों को मिलेंगे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स खरीदने के कूपन
योजना के तहत राज्य स्तरीय टॉपर विद्यार्थियों को इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स खरीदने के लिए कूपन प्रदान किए जाएंगे।
SC/ST वर्ग के मेधावियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
प्रत्येक मेधावी विद्यार्थी को 16,000 रुपये के कूपन दिए जाएंगे।
चाहें तो विद्यार्थी इससे अधिक कीमत का गैजेट खरीदने के लिए अंतर राशि स्वयं जोड़ सकेंगे।
गैजेट खरीदने की प्रक्रिया ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से की जाएगी।
चयनित कंपनियाँ खरीदा गया सामान कोरियर के माध्यम से सीधे विद्यार्थियों के घर तक पहुंचाएंगी।
मेधावियों के लिए यादगार अवसर
11 दिसंबर का यह कार्यक्रम राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, लेकिन साथ ही यह राज्यभर के मेधावी विद्यार्थियों के लिए एक यादगार अवसर साबित होगा।