संसद में SIR बहस: कंगना रनौत का विपक्ष पर तीखा हमला कहा, “मोदी जी ईवीएम नहीं, दिलों को हैक करते हैं”

Share this post

देवभूमि न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली

लोकसभा में चुनाव सुधार (SIR) पर चल रही बहस के दौरान बुधवार को हिमाचल प्रदेश के मंडी से बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने कांग्रेस और विपक्ष के आरोपों पर करारा पलटवार किया। ईवीएम में गड़बड़ी और “वोट चोरी” को लेकर विपक्ष के बयानों का जवाब देते हुए कंगना ने कहा—
“मोदी जी ईवीएम नहीं, दिलों को हैक करते हैं।”
उनके इस बयान पर सत्ता पक्ष के सांसदों ने जोरदार तरीके से टेबल बजाकर समर्थन जताया, जबकि विपक्ष शांत बैठकर उनकी पूरी बात सुनता रहा।

ईवीएम विवाद पर कंगना का जवाब
बहस के दौरान कंगना रनौत ने कांग्रेस द्वारा उठाए गए ईवीएम संदेह पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विपक्ष जानबूझकर भ्रम फैलाने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पुराने “दकियानूसी तौर-तरीकों” की बात करते हुए बैलेट पेपर की वापसी की मांग कर रही है।

उन्होंने इंदिरा गांधी-राज नारायण केस का जिक्र करते हुए कहा
“आप सब इंदिरा गांधी और राज नारायण केस को भूल गए हैं। मैंने इस पर फिल्म भी बनाई है। तब वोट चोरी और धांधली साबित हुई थी। एक साधारण इंसान कोर्ट तक गया और प्रधानमंत्री की वोट चोरी पकड़ी गई थी।”

राहुल गांधी पर निशाना
कंगना ने अपने भाषण में नेता विपक्ष राहुल गांधी पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बार-बार एक ही बातें दोहराते हैं और अंत में “विदेशी महिला” की तस्वीर का मुद्दा उठा ले आए।

कंगना ने कहा
“उनकी तस्वीर का प्ले-कार्ड में इस्तेमाल करते समय उनके पर्सनालिटी राइट्स का भी ध्यान नहीं रखा गया। इसके लिए मैं संसद की तरफ से माफी मांगती हूं।”
उन्होंने कहा कि विपक्ष का व्यवहार संसद की गरिमा के अनुकूल नहीं है और “दिल दहल जाता है इन्हें रोज SIR-SIR चिल्लाते देख कर।”

वन नेशन, वन इलेक्शन का समर्थन

कंगना रनौत ने देश में ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ लागू करने का जोरदार समर्थन किया। उन्होंने कहा कि इससे
बार-बार होने वाले चुनावों की असुविधा कम होगी

देश का आर्थिक नुकसान घटेगा

लोकतंत्र को एक “राष्ट्रीय उत्सव” के रूप में मनाया जा सकेगा
उन्होंने सरकार से इस प्रस्ताव को लागू करने की अपील की।

कांग्रेस पर ‘चरित्रहीनता’ का आरोप
कंगना ने कहा कि कांग्रेस का “चरित्र मर्यादाहीन” है और वह झूठ फैलाकर चुनाव प्रक्रिया पर अविश्वास पैदा करना चाहती है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा चर्चा से कभी नहीं भागती और विपक्ष को तथ्यों का सामना करना चाहिए।