देवभूमि न्यूज 24.इन
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर गुरुवार को मंडी में होने वाले जन संकल्प सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने तीन साल की उपलब्धियों के साथ आगामी दो वर्षों की कार्ययोजना जनता के सामने रखेंगे। कार्यक्रम को राजनीतिक दृष्टि से विशेष महत्व दिया जा रहा है, क्योंकि यह नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के गृह जिला में आयोजित हो रहा है।
आपदा प्रभावितों को 63 करोड़ की राहत
सम्मेलन में मुख्यमंत्री प्रदेशभर के आपदा प्रभावित परिवारों को 63 करोड़ रुपये की राहत राशि वितरित करेंगे।
पूरी तरह मकान क्षतिग्रस्त होने पर लाभार्थियों को चार लाख रुपये की पहली किस्त के चेक सौंपे जाएंगे।
पहले यह किस्त केवल 1.30 लाख थी, लेकिन सरकार ने राहत राशि बढ़ाकर 8 लाख रुपये कर दी है।
मेधावी छात्रों और श्रमिकों को भी सौगात
वर्ष 2023, 2024 और 2025 के करीब 10,000 मेधावी छात्रों को लैपटॉप के लिए वाउचर वितरित किए जाएंगे।
कामगार कल्याण बोर्ड के तहत पंजीकृत 4,000 श्रमिकों को 15 करोड़ रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।

प्रदेश की 19 एकल, विधवा और दिव्यांग महिलाओं को एक-एक लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे।
जिलों में राहत वितरण की कड़ी
इससे पहले सरकार बिलासपुर, कुल्लू और मंडी जिलों के प्रभावितों को राहत वितरित कर चुकी है। अब शेष नौ जिलों में 51 करोड़ रुपये बांटे जाएंगे।
कबड्डी विश्वकप विजेता बेटियों का सम्मान
हाल ही में कबड्डी वर्ल्ड कप जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करने वाली महिला खिलाड़ियों को भी मंच पर सम्मानित किया जाएगा।
तैयारियां पूरी नेता मंडी में डेरा डाल चुके
जन संकल्प सम्मेलन की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।
हिमाचल कांग्रेस प्रभारी एवं सांसद रजनी पाटिल मंडी पहुंच चुकी हैं।
डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री और कई मंत्री भी मंडी में डेरा डाले हुए हैं।
मुख्यमंत्री सुक्खू गुरुवार सुबह शिमला से मंडी रवाना होंगे।
प्रदेशभर से लाभार्थियों को लाने के लिए एचआरटीसी की हजार से अधिक बसें तैनात की गई हैं।