अम्ब उपमंडल की बेटी प्राची ठाकुर का मर्चेंट नेवी में चयन, समूचा अम्ब क्षेत्र गौरवान्वित

Share this post

देवभूमि न्यूज नेटवर्क
राजीव शर्मन, ब्यूरो
ऊना, हिमाचल प्रदेश

धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन आदान-प्रदान की राजधानी माने जाने वाले जिला ऊना के श्री अम्बिकानगर–अम्ब उपमंडल से एक और प्रेरणादायक उपलब्धि सामने आई है। अम्ब कस्बे की वार्ड नंबर–2 की प्रतिभावान बेटी प्राची ठाकुर ने मर्चेंट नेवी में चयनित होकर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे अम्ब क्षेत्र और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनका चयन प्रतिष्ठित जनरल पर्पज (जीपी) रेटिंग कोर्स के लिए हुआ है।

ग्रामीण परिवेश से निकलकर मर्चेंट नेवी जैसे चुनौतीपूर्ण और तकनीकी क्षेत्र में प्रवेश करना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। छह महीने की कठिन एवं सघन ट्रेनिंग के बाद प्राची समुद्री जहाजों पर अपनी सेवाएँ देंगी और देश की समुद्री शक्ति का हिस्सा बनेंगी। गत दिवस वह अपनी ट्रेनिंग के लिए मुंबई रवाना हुईं।

प्राची ठाकुर ने बताया कि चयन प्रक्रिया अत्यंत चुनौतीपूर्ण थी, लेकिन सही दिशा, कड़ी मेहनत और निरंतर मानसिक संबल ने उन्हें हर कठिनाई से लड़ने की शक्ति दी। उनकी सफलता में सुप्रसिद्ध मर्चेंट नेवी अधिकारी एवं समाजसेवी कैप्टन संजय पराशर की प्रेरणा और मार्गदर्शन की उल्लेखनीय भूमिका रही है। कैप्टन पराशर लंबे समय से ग्रामीण युवाओं विशेषकर बेटियों को मर्चेंट नेवी में अवसर प्रदान कराने के लिए सक्रिय हैं। उनके मार्गदर्शन ने प्राची सहित कई युवतियों को नए सपने देखने और उन्हें साकार करने की राह दिखाई है।

अम्ब क्षेत्र में प्राची की इस उपलब्धि पर खुशी और गर्व का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्राची ठाकुर की यह कामयाबी क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा बनी है और यह साबित करती है कि हिमाचल की बेटियाँ भी किसी से कम नहीं।

मर्चेंट नेवी में अपनी सेवाएँ देकर प्राची वैश्विक मंच पर हिमाचल का मान बढ़ाएँगी ऐसी उम्मीद पूरे अम्ब क्षेत्र में व्यक्त की जा रही है।