शिलाई क्षेत्र की ग्राम पंचायत टीटियाणा के माध्यमिक विद्यालय लाणी में एसएमसी की मासिक बैठक आयोजित

Share this post

देवभूमि न्यूज नेटवर्क
कार्तिकेय तोमर-शिलाई
सिरमौर, हिमाचल प्रदेश

शिलाई क्षेत्र की ग्राम पंचायत टीटियाणा स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय लाणी में विद्यालय प्रबंधन समिति की मासिक बैठक का आयोजन समिति की अध्यक्षा मलको देवी की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में विद्यालय का समस्त स्टाफ व समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान विद्यालय के नवनिर्माणाधीन भवन के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। समिति द्वारा निरीक्षण में निर्माण कार्य संतोषजनक और बेहतरीन पाया गया। भवन निर्माण लगभग पूर्ण हो चुका है, जिसकी सूचना कनिष्ठ अभियंता, समग्र शिक्षा अभियान के माध्यम से संबंधित विभाग को भेज दी गई है।

इसके अतिरिक्त भवन के औपचारिक लोकार्पण के संबंध में भी विस्तृत चर्चा हुई। स्थानीय लोगों से विचार-विमर्श करने के बाद यह तय किया गया कि लोकार्पण हेतु शासन, प्रशासन तथा विभागीय अधिकारियों से शीघ्र संपर्क किया जाएगा।

बैठक के दौरान एक सराहनीय पहल भी सामने आई। विद्यालय में सेवारत टीजीटी नॉन-मेडिकल कुमारी अनुपम के पति अजय कुमार विद्यालय पहुंचे, जहां SMC के आग्रह पर उन्होंने ‘विद्यांजलि योजना’ के अंतर्गत विद्यालय को एक RO वाटर फिल्टर दान करने की इच्छा व्यक्त की। समिति की ओर से उनके इस नेक कदम के लिए आभार प्रकट किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य सचिव एवं प्रभारी विजय कंवर (टीजीटी), ज्ञान चंद शास्त्री, कुमारी अनुपम (टीजीटी नॉन-मेडिकल), विनता देवी, सुनीता देवी, लीला देवी, रैनो देवी, अनिल कुमार, हुकमी राम, गुमानी देवी, सतपाल, कुलदीप सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।