*देवभूमि न्यूज 24.इन*
सुक्खू सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर मंडी में आयोजित राज्य स्तरीय जन संकल्प सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने अफसरशाही पर कड़ा प्रहार किया। मंच से बोलते हुए उन्होंने कहा कि सरकार अब उन अधिकारियों पर कार्रवाई करेगी जो राजनीतिक दबाव में या पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाकर काम कर रहे हैं।
“बीजेपी नेताओं से रात में गलबहियां करने वाले अधिकारी सावधान रहें”
डिप्टी सीएम ने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी रात के अंधेरे में भाजपा नेताओं से मेलजोल रखते हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा“जो अधिकारी रात के अंधेरे में भाजपा नेताओं से गलबहियां कर रहे हैं, उन्हें रात के अंधेरे में ही नेस्तानाबूद कर दिया जाएगा।”
उन्होंने यह भी कहा कि तीन सालों से सिस्टम में जो कमियां चली आ रही थीं, अब उन्हें खत्म करने का समय आ गया है।
उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को मंच से ही सुझाव दिया
“अब सख्ती जरूरी है, सुक्खू जी को डंडा हाथ में लेकर बिगड़ैल अधिकारियों को सीधा करना होगा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भावनाओं के अनुरूप काम करवाना होगा।”
उन्होंने यह तक कहा कि“जो साजिशें रच रहे हैं, उन्हें रगड़ दिया जाएगा… और जो मुझे निपटाने की सोच रहे थे, वे खुद नेस्तानाबूद हो गए हैं।”
सरकार की तीन साल की उपलब्धियां ऐतिहासिक- मुकेश अग्निहोत्री
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सुक्खू सरकार की उपलब्धियां सिर्फ घोषणाओं तक सीमित नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर लागू की गई हैं। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में सरकार ने कई क्षेत्रों में ऐतिहासिक कदम उठाए हैं
शिक्षा
स्वास्थ्य
परिवहन सुधार
पेयजल आपूर्ति
सांस्कृतिक संरक्षण
बुनियादी ढांचा विकास
रोजगार सृजन
सामाजिक सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण
कृषि व बागबानी
उन्होंने कहा कि इन सभी क्षेत्रों में साकारात्मक बदलाव दिख रहा है और यह परिवर्तन राष्ट्रीय स्तर पर भी सराहे जा रहे हैं।
“बीजेपी नेता दिल्ली में हिमाचल के हकों को रोकने की कोशिश कर रहे हैं”
अग्निहोत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा के कुछ नेता दिल्ली में हिमाचल के हकों को रोकने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार राज्य के हकों की लड़ाई मजबूती से लड़ रही है और आगे भी लड़ती रहेगी।