देवभूमि न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली
भारतीय महिला कुश्ती की दिग्गज खिलाड़ी विनेश फोगाट ने अपने संन्यास के फैसले से यू-टर्न लेते हुए एक बार फिर मैदान में लौटने का ऐलान किया है। इसी साल अगस्त में कुश्ती से दूरी बनाकर राजनीति में सक्रिय होने की घोषणा करने वाली विनेश अब 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक को लक्ष्य बनाकर दोबारा प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार हैं।
इस बड़े फैसले की जानकारी खुद विनेश फोगाट ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने प्रशंसकों को दी। उनके इस ऐलान के बाद खेल जगत में उत्साह की लहर है।
“मुझे अब भी खेल पसंद है, अब भी प्रतिस्पर्धा करना चाहती हूं”
इंस्टाग्राम पर साझा किए गए पोस्ट में विनेश ने लिखा—
“लोग अक्सर मुझसे पूछते रहे हैं कि क्या पेरिस मेरी आखिरी यात्रा थी? लंबे समय तक मेरे पास इसका जवाब नहीं था। कई सालों में पहली बार मैंने चैन की सांस ली। अपने कार्यभार को समझने के लिए मैंने खुद को थोड़ा समय दिया। जीवन के उतार-चढ़ाव, त्याग और मेरे वे रूप जिन्हें दुनिया ने कभी नहीं देखा। मुझे अब भी खेल पसंद है। अब भी मैं प्रतिस्पर्धा करना चाहती हूं।”
संन्यास के बाद बदला मन
पेरिस ओलंपिक के बाद विनेश फोगाट ने कुश्ती से संन्यास लेने और राजनीति में कदम रखने की बात कही थी। हालांकि, आत्ममंथन और समय लेने के बाद उन्होंने फिर से खेल में लौटने का फैसला किया है। उनका यह कदम बताता है कि खेल के प्रति उनका जुनून आज भी उतना ही मजबूत है।
2028 ओलंपिक पर नजर
अब विनेश की पूरी तैयारी 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक को लेकर होगी। अनुभव, संघर्ष और आत्मविश्वास के साथ वापसी कर रहीं विनेश से देश को एक बार फिर बड़ी उम्मीदें होंगी।
खेल प्रेमियों का मानना है कि विनेश फोगाट का यह फैसला न केवल भारतीय कुश्ती के लिए बल्कि आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक संदेश है—कि जुनून और हौसला हो तो वापसी हमेशा संभव है।