नड्डा के नेतृत्व में भाजपा ने देशभर में जीत का क्रम बनाया, हिमाचल में कांग्रेस ने तीन साल में बर्बादी की: जयराम ठाकुर

Share this post

देवभूमि न्यूज नेटवर्क
हिमाचल प्रदेश
शिमला

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि यह प्रदेश के लिए सौभाग्य की बात है कि देश की कमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुरक्षित हाथों में है और विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन भारतीय जनता पार्टी की कमान हिमाचल के बेटे जगत प्रकाश नड्डा के पास है। उन्होंने कहा कि दोनों शीर्ष नेताओं का हिमाचल से गहरा नाता है और दोनों प्रदेश की चिंता करते हैं।

जयराम ठाकुर ने देवभूमि हिमाचल की जनता की ओर से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का अभिनंदन करते हुए बिहार में एनडीए की जीत पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष के रूप में नड्डा ने अपने कार्यकाल में एक मजबूत छाप छोड़ी है और देशभर में भाजपा की जीत का जो क्रम बना है, उसे इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बिहार की जीत ने देशभर में बड़ा संदेश दिया है और यह पार्टी के भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने शिमला में भाजपा के नए कार्यालय के शिलान्यास को भी ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि पार्टी बड़ी है तो उसका कार्यालय भी भव्य होना चाहिए, जिसकी कमी आज पूरी हो गई है।

प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार के तीन साल पूरे होने पर पूरा हिमाचल बर्बादी को महसूस कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2023 से प्रदेश लगातार प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहा है, लेकिन सरकार ने खर्च कम करने के बजाय जश्न मनाया। उन्होंने कहा कि आपदाओं में 400 से अधिक लोगों की जान गई, इसके बावजूद सरकार ने करोड़ों रुपये उत्सवों पर खर्च किए।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आपदा प्रबंधन अधिनियम की आड़ में पंचायत चुनाव टाल दिए गए, जबकि सरकारी जश्न जारी रहे। वित्तीय स्थिति पर सवाल उठाते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि 2022 में भाजपा सरकार के कार्यकाल के अंत में प्रदेश पर 70 हजार करोड़ रुपये का कर्ज था, जिसमें से केवल 20 हजार करोड़ रुपये भाजपा शासन में लिए गए, जबकि मौजूदा सरकार ने मात्र तीन साल में करीब 40 हजार करोड़ रुपये का कर्ज ले लिया।

जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश को हर स्तर पर नुकसान पहुंचाया है, विकास कार्य ठप पड़े हैं और चुनावी गारंटियों की सच्चाई जनता के सामने है। उन्होंने कहा कि हिमाचल किसी एक पार्टी का नहीं बल्कि सभी का है और अब समय आ गया है कि जनता इस सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प ले।

उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में देश के अन्य राज्यों के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश में भी भाजपा की सरकार बनेगी।