विकास के पैसे दबाने वाली कांग्रेस सत्ता में रहने की हकदार नहीं, भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव बताएंगे सच्चाई: जेपी नड्डा

Share this post

देवभूमि न्यूज नेटवर्क
हिमाचल प्रदेश
शिमला

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि जो सरकार केंद्र से मिले विकास के पैसे खर्च नहीं कर पा रही, उसे सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता अब हिमाचल के गांव-गांव जाकर कांग्रेस सरकार के झूठ और कुशासन की सच्चाई जनता के सामने रखेंगे।

शिमला में आयोजित अभिनंदन रैली को संबोधित करते हुए नड्डा ने अपने वक्तव्य की शुरुआत मां तारा देवी और जाखू मंदिर के आराध्य बजरंग बली के आशीर्वाद से की। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक सभा नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प को दोहराने का अवसर है।

बिहार की जीत प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर विश्वास की मुहर
जेपी नड्डा ने कहा कि बिहार में एनडीए की ऐतिहासिक जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है। बिहार की माताओं-बहनों, युवाओं, किसानों और श्रमिकों ने एक बार फिर मोदी के नेतृत्व और नीतियों पर भरोसा जताया है।
उन्होंने कहा कि यह जनादेश देश को स्पष्ट संदेश देता है कि घुसपैठ और उसके समर्थकों की राजनीति को जनता पूरी तरह खारिज कर चुकी है।

हिमाचल में डबल इंजन सरकार ही विकास का रास्ता
नड्डा ने कहा कि विधानसभा चुनावों के दौरान उन्होंने हिमाचल की जनता को आगाह किया था कि कांग्रेस को सत्ता में लाने से विकास रुक जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की सोच विकास और राष्ट्र निर्माण की है, जबकि कांग्रेस की राजनीति सत्ता सुख तक सीमित है।

भाजपा कार्यालय केवल इमारत नहीं, संस्कार केंद्र
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के निर्देश पर देशभर में भाजपा के आधुनिक कार्यालय बनाए जा रहे हैं। 787 कार्यालयों के लक्ष्य में से 617 पूरे हो चुके हैं। हिमाचल में 9 कार्यालय बन चुके हैं और शेष पर कार्य तेजी से चल रहा है।
नड्डा ने भाजपा की संगठनात्मक रीढ़ को ‘5 क’कार्यकर्ता, कार्यक्रम, कोर्स, कोष और कार्यालय—बताते हुए कहा कि ये कार्यालय सेवा, संवाद और संगठन के केंद्र हैं।

मोदी ने देश की राजनीति की दिशा बदली
जेपी नड्डा ने कहा कि 11 वर्ष पहले देश की राजनीति परिवारवाद, जातिवाद और तुष्टीकरण तक सीमित थी, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने राजनीति को जवाबदेही और सुशासन की दिशा में मोड़ा। उन्होंने कहा कि भाजपा रिपोर्ट कार्ड की सरकार है जो कहा वह किया और जो नहीं कहा वह भी करके दिखाया।

कांग्रेस पर तीखा हमला
नड्डा ने कहा कि भाजपा ने धारा 370 समाप्त की, राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया और तीन तलाक जैसी कुप्रथा को खत्म कर मुस्लिम महिलाओं को न्याय दिलाया, जबकि कांग्रेस ने हमेशा राष्ट्रीय भावनाओं को कमजोर किया।

हिमाचल को केंद्र से हजारों करोड़, फिर भी झूठे आरोप
जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से सवाल करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल को आपदा राहत के लिए 3789 करोड़ रुपये, स्मार्ट सिटी के लिए 1000 करोड़ से अधिक, विशेष सहायता के रूप में 2000 करोड़ से ज्यादा और 1442 करोड़ रुपये का जायका फंड दिया।
इसके अलावा एम्स बिलासपुर, मेडिकल कॉलेज, वाइब्रेंट विलेज योजना, फोरलेन परियोजनाएं, बल्क ड्रग पार्क और बद्दी को फार्मा हब के रूप में विकसित किया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार कई योजनाओं में केवल 50 प्रतिशत राशि ही खर्च कर पाई। ऐसी सरकार जो पैसा खर्च न कर सके, उसे सत्ता में रहने का अधिकार नहीं है।

ट्रेजरी बंद, सरकार एडहॉक पर
नड्डा ने कहा कि हिमाचल में बार-बार ट्रेजरी बंद हो रही है, सरकार एडहॉक व्यवस्था पर चल रही है और मुख्यमंत्री व मंत्रियों के बीच समन्वय की कमी साफ नजर आ रही है। कांग्रेस सरकार एक भी ठोस परियोजना बनाकर केंद्र के पास नहीं लाई है।

कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाने का आह्वान
अंत में जेपी नड्डा ने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र सरकार की उपलब्धियों और कांग्रेस सरकार की विफलताओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएं, ताकि हिमाचल की जनता कुशासन से मुक्त होकर विकास और सुशासन के मार्ग पर आगे बढ़ सके।