पंजाब के फिरोज़पुर में मशहूर कबड्डी खिलाड़ी निरवैल सिंह को मारी गोली

Share this post

  *देवभूमि न्यूज 24.इन*

पंजाब में जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनावों के बीच एक बड़ी आपराधिक घटना सामने आई है। फिरोज़पुर जिले के जीरा विधानसभा क्षेत्र के गांव जोगीवाला में अज्ञात हमलावर ने मशहूर कबड्डी खिलाड़ी निरवैल सिंह को गोली मार दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोली निरवैल सिंह की जांघ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल जीरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है।

विधायक पहुंचे अस्पताल

घटना की सूचना मिलते ही आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश कटारिया अस्पताल पहुंचे और घायल खिलाड़ी का हालचाल जाना। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए आश्वासन दिया कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

विदेशों में भी खेल चुके हैं निरवैल सिंह

गौरतलब है कि निरवैल सिंह पंजाब के चर्चित कबड्डी खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। उन्होंने न सिर्फ राज्य स्तर पर बल्कि विदेशों में भी कबड्डी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर पंजाब और देश का नाम रोशन किया है।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

सूत्रों के मुताबिक, यह हमला पैसों के लेन-देन के विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस को फुटेज सौंप दी गई है और उसी के आधार पर आरोपी की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।