देवभूमि न्यूज नेटवर्क
कार्तिकेय तोमर शिलाई
सिरमौर,हिमाचल प्रदेश
शिलाई विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक बलदेव तोमर ने आज पश्मी गांव पहुंचकर छत्रधारी चालदा महासू महाराज जी के पावन दर्शन किए। इस अवसर पर उन्होंने अपने परिवार सहित मंदिर में शीश नवाया और विधिवत पूजा-अर्चना कर महाराज से क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
दर्शन उपरांत पूर्व विधायक बलदेव तोमर ने कहा कि छत्रधारी चालदा महासू महाराज केवल एक देव परंपरा नहीं, बल्कि गिरिपार और आसपास के क्षेत्रों की आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का जीवंत प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि महाराज की कृपा से क्षेत्र में सदैव सुख, शांति, भाईचारा और समृद्धि बनी रहे, यही उनकी प्रार्थना है।
बलदेव तोमर ने पश्मी गांव में महासू महाराज के आगमन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह यात्रा न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि इससे क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और भी सुदृढ़ हुई है। उन्होंने कहा कि महासू परंपरा ने सदियों से समाज को जोड़ने, न्याय और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी है।
इस अवसर पर मंदिर समिति के सदस्यों, स्थानीय ग्रामीणों और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूर्व विधायक के आगमन पर ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया और देव परंपराओं से जुड़ी जानकारी साझा की। पूरे वातावरण में “जय चालदा महासू महाराज” के जयकारों से धार्मिक उल्लास देखने को मिला।
गौरतलब है कि छत्रधारी चालदा महासू महाराज के पश्मी में विराजमान होने से क्षेत्र में श्रद्धालुओं का लगातार आवागमन बना हुआ है। लोग दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचकर दर्शन कर रहे हैं और देव आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। पश्मी गांव इन दिनों आस्था, परंपरा और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।