दिल्ली रामलीला मैदान में ‘बोट चोर–गद्दी छोड़’ रैली, हिमाचल आदिवासी कांग्रेस की सशक्त भागीदारी

Share this post

देवभूमि न्यूज 24.इन

दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित ‘बोट चोर–गद्दी छोड़’ रैली में हिमाचल प्रदेश आदिवासी कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदेश महासचिव संगठन महेश शर्मा के नेतृत्व में सक्रिय भागीदारी निभाई। रैली में आदिवासी समाज से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज किया गया।

इस अवसर पर महेश शर्मा ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने हिमाचल प्रदेश के आदिवासी बजट में भारी कटौती की है और प्रदेश के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गत वर्ष हिमाचल प्रदेश में आई भीषण बाढ़ के दौरान केंद्र सरकार द्वारा पंद्रह सौ करोड़ रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की गई थी, लेकिन यह घोषणा आज तक केवल भाषणों तक ही सीमित रह गई है और धरातल पर कोई ठोस सहायता नहीं पहुंची।

महेश शर्मा ने कहा कि आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री विक्रांत भूरिया के नेतृत्व में देशभर से हजारों आदिवासी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस ऐतिहासिक रैली में हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि रैली के माध्यम से आदिवासी समाज के अधिकारों, विकास और न्याय की मांग को मजबूती से उठाया गया तथा केंद्र सरकार को उसकी कथित उपेक्षापूर्ण नीतियों के प्रति आगाह किया गया।