देवभूमि न्यूज नेटवर्क
हिमाचल प्रदेश
शिमला
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कांग्रेस पार्टी की हालिया रैली में लगाए गए आपत्तिजनक नारों को लेकर कांग्रेस पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अत्यंत दुख और उद्वेलित मन से यह विषय देश के सामने रखना पड़ रहा है। कांग्रेस की रैली में “मोदी, तेरी कब्र खुदेगी, आज नहीं तो कल खुदेगी” जैसे नारे लगाए गए, जो न केवल रिकॉर्ड पर हैं, बल्कि कांग्रेस की सोच, संस्कार और मानसिकता को भी उजागर करते हैं।
सुरेश कश्यप ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ इस प्रकार की भाषा का प्रयोग और मृत्यु की कामना करना घोर निंदनीय, शर्मनाक और लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है। उन्होंने इसे कांग्रेस की झुंझलाहट और हताशा का प्रमाण बताते हुए कहा कि जनता द्वारा बार-बार नकारे जाने के बाद कांग्रेस इस स्तर तक गिर चुकी है कि राजनीति का स्तर अभूतपूर्व रूप से नीचे चला गया है।
उन्होंने बताया कि इस गंभीर घटना को लेकर लोकसभा और राज्यसभा—दोनों सदनों में कड़ा विरोध दर्ज किया गया। राज्यसभा में सदन के नेता एवं भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी से देश से माफी मांगने की मांग की, वहीं लोकसभा में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने इसे राजनीति के पतन का सबसे घिनौना उदाहरण बताया।
कश्यप ने कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस रैली में शीर्ष नेतृत्व के साथ हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और सभी विधायक मौजूद थे। इसके बावजूद ऐसे नारे लगना दर्शाता है कि कांग्रेस नेतृत्व या तो मौन समर्थन दे रहा था या जानबूझकर इस तरह की घृणित राजनीति को बढ़ावा दे रहा था। उन्होंने इसे देश के लिए अत्यंत शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
भाजपा की ओर से इस पूरे घटनाक्रम की कड़ी निंदा करते हुए कश्यप ने मांग की कि सोनिया गांधी, मुख्यमंत्री सुक्खू और कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व देश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद और आलोचना लोकतंत्र का हिस्सा हो सकते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री के खिलाफ मृत्यु की कामना अमानवीय होने के साथ-साथ राष्ट्र का अपमान है।
अंत में कश्यप ने कहा कि कांग्रेस को आत्ममंथन करना चाहिए और समझना चाहिए कि नकारात्मक, घृणास्पद और स्तरहीन राजनीति को देश स्वीकार नहीं करेगा। देश की जनता सब देख रही है और समय आने पर इसका करारा जवाब देगी।