देवभूमि न्यूज नेटवर्क
हिमाचल प्रदेश
शिमला
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने दिल्ली में आयोजित कांग्रेस की रैली के दौरान देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ लगाए गए आपत्तिजनक और अमर्यादित नारों की कड़ी भर्त्सना की है। शिमला से जारी बयान में उन्होंने कहा कि यह घटना कांग्रेस की राजनीतिक हताशा, कुंठा और उसके लगातार गिरते वैचारिक स्तर का स्पष्ट प्रमाण है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ बार-बार की जा रही आपत्तिजनक टिप्पणियां कांग्रेस नेताओं के मानसिक दिवालियापन और जनता द्वारा नकारे जाने की हताशा को दर्शाती हैं। इसी कुंठा के चलते कांग्रेस के कार्यकर्ता, पदाधिकारी और नेता बार-बार न केवल प्रधानमंत्री, बल्कि उन्हें चुनने वाली देश की जनता का भी अपमान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे देश की जनता कांग्रेस को लगातार नकार रही है, वैसे-वैसे कांग्रेस अपने नैतिक और राजनीतिक स्तर से गिरती जा रही है। मुद्दों, नीतियों और जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा करने में असफल कांग्रेस अब गाली-गलौज और घटिया नारेबाज़ी की राजनीति पर उतर आई है। उन्होंने कहा कि बिहार के चुनाव इसका प्रत्यक्ष उदाहरण हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि बिहार में भी कांग्रेस और उसके नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया, जिसका परिणाम यह हुआ कि जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह नकार दिया और उसकी ऐतिहासिक दुर्गति सबके सामने आ गई। कांग्रेस को यह समझ लेना चाहिए कि प्रधानमंत्री का अपमान करके वह भले ही अपने हारे-नकारे नेताओं की खुशामद कर ले, लेकिन देशवासियों का विश्वास कभी नहीं जीत सकती।
उन्होंने कहा कि जिस तरह बिहार में कांग्रेस की राजनीतिक दुर्गति हुई, उसी तरह आने वाले समय में पूरे देश में कांग्रेस को इसी प्रकार की स्थिति का सामना करना पड़ेगा। जनता द्वारा नकारे जाने के बाद कांग्रेस की यह अराजकता और निकृष्टता की पराकाष्ठा को देश कभी माफ नहीं करेगा। प्रधानमंत्री के खिलाफ मर्यादाहीन और संस्कारहीन भाषा का प्रयोग करने वालों को देश आगे भी सबक सिखाएगा।
जयराम ठाकुर ने इसे और भी दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि दिल्ली की इस रैली में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे और उनकी मौजूदगी में प्रधानमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति के विरुद्ध इस तरह के नारे लगाए गए, लेकिन किसी ने इसका विरोध नहीं किया। यह न केवल लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन है, बल्कि हिमाचल प्रदेश की गरिमा और छवि को भी ठेस पहुंचाने वाला कृत्य है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति का अधिकार सभी को है, लेकिन उसकी भी एक मर्यादा होती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश भय और भ्रष्टाचार के पंजे से मुक्त होकर विकास, सुशासन और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। कांग्रेस अपनी विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए इस तरह की नकारात्मक और ओछी राजनीति का सहारा ले रही है, जिसे देश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।
अंत में जयराम ठाकुर ने कहा कि इस घटिया कृत्य के लिए कांग्रेस के नेताओं को देश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।