देवभूमि न्यूज 24.इन
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी आगामी दो सप्ताह के भीतर जिला अध्यक्षों की नियुक्ति करेगी। यह दावा पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने किया है। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद सिरमौर जिला के अपने पहले दौरे पर पहुंचे विनय कुमार का आज नाहन-दो सड़का में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।
मीडिया से बातचीत में विनय कुमार ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के निर्माता डॉ. वाई.एस. परमार के बाद सिरमौर जिला को एक बार फिर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का पद मिला है, जिससे जिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेश भर में जल्द ही संगठनात्मक नियुक्तियों की प्रक्रिया शुरू करेगी और 10 दिनों के भीतर जिला अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी जाएगी।
विनय कुमार ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने आगामी पंचायती राज चुनावों में 70 से 80 प्रतिशत सीटों पर कांग्रेस की जीत का दावा किया। एक सवाल के जवाब में उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी पंचायती राज चुनाव से भाग नहीं रही है और प्रदेश सरकार जल्द ही चुनाव करवाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा से कांग्रेस को चुनाव लड़ने का कोई भय नहीं है।
नेता प्रतिपक्ष पर तंज कसते हुए विनय कुमार ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में विपक्ष कांग्रेस को “ऑटो में बिठाना” चाहता है, लेकिन कांग्रेस “वोल्वो में बैठकर सत्ता में लौटेगी”।
इस अवसर पर युवा कांग्रेस नेता जयदीप शर्मा ने कहा कि विनय कुमार की नियुक्ति से विशेष रूप से युवा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई मजबूती मिलेगी और इसका लाभ आगामी पंचायती राज एवं विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी को अवश्य मिलेगा।