देवभूमि न्यूज 24.इन
19 दिसंबर 2025अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत हिमाचल प्रांत द्वारा 15 दिसंबर से 24 दिसंबर तक ग्राहक जागरूकता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र में प्रांत संगठन मंत्री श्याम सिंह चौहान एवं प्रांत अध्यक्ष अनिल वर्मा ने विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों का दौरा किया तथा संगोष्ठियों का आयोजन किया।
इस अवसर पर विद्यालयों में विद्यार्थियों को उपभोक्ता अधिकारों की जानकारी दी गई। साथ ही भाषण प्रतियोगिता, नारा लेखन जैसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम के उपरांत शिलाई नगर के प्रबुद्ध नागरिकों के साथ बैठक आयोजित कर उपभोक्ताओं के अधिकार, कर्तव्य और बाजार में हो रही धोखाधड़ी पर विस्तृत चर्चा की गई।
ग्राहक पंचायत के पदाधिकारियों ने बताया कि इसी प्रकार का ग्राहक जन-जागरूकता अभियान प्रदेश के शिमला, सोलन, मंडी, बिलासपुर सहित अन्य जिलों में भी चलाया जा रहा है। पखवाड़े के अंतर्गत विद्यालयों में विभिन्न प्रतियोगिताएं तथा प्रबुद्ध जन गोष्ठियों के माध्यम से आम लोगों को उपभोक्ता कानूनों की जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 1986 एवं संशोधित उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 2019 के अंतर्गत उपभोक्ताओं को प्राप्त अधिकारों से अवगत कराना, उन्हें शिक्षित, जागरूक एवं संगठित करना तथा बाजार में होने वाली ठगी, धोखाधड़ी और शोषण के प्रति सजग करना है।
गौरतलब है कि 24 दिसंबर 1986 को भारत की संसद में उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम पारित हुआ था, इसी कारण 24 दिसंबर को राष्ट्रीय ग्राहक दिवस के रूप में मनाया जाता है। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 1986 तथा इसके संशोधित अधिनियम 2019 की ड्राफ्टिंग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
ग्राहक पंचायत ने आने वाले समय में नकली एवं गुणवत्ताहीन दवाइयों तथा एमआरपी पर सरकारी नियंत्रण को लेकर भी व्यापक अभियान चलाने की घोषणा की है। यह जागरूकता पखवाड़ा 24 दिसंबर, राष्ट्रीय ग्राहक दिवस के अवसर पर संपन्न होगा।