देवभूमि न्यूज 24.इन
कार्तिकेय तोमर19 दिसंबर 2025सिरमौर जिला के उप मंडल शिलाई में लोक निर्माण विभाग के विश्रामगृह की दूसरी मंजिल का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है और अब यह उद्घाटन की प्रतीक्षा में है। दूसरी मंजिल के बनकर तैयार होने से शिलाई में बाहर से आने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम लोगों को रात्रि विश्राम की बड़ी सुविधा मिलने जा रही है।
अब तक शिलाई में बाहर से आने वाले लोगों को ठहरने के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। शिलाई विश्रामगृह में पहले कुल छह कमरे उपलब्ध थे, जिनमें दो वीआईपी तथा चार साधारण कमरे शामिल थे। सीमित कमरों के कारण आम लोगों को अक्सर रात्रि विश्राम के लिए कठिनाई होती थी।
स्थानीय लोगों द्वारा पूर्व में शिलाई में वन विभाग के विश्रामगृह के निर्माण की भी मांग की गई थी, लेकिन वह मामला खटाई में पड़ गया। ऐसे में लोक निर्माण विभाग द्वारा विश्रामगृह की दूसरी मंजिल का निर्माण क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आया है।
दूसरी मंजिल के निर्माण से न केवल विश्रामगृह की सुंदरता में वृद्धि हुई है, बल्कि ठहरने की व्यवस्था भी सुदृढ़ हो गई है। नई मंजिल में कुल 8 अतिरिक्त कमरों का निर्माण किया गया है, जिससे अब विश्रामगृह में कुल कमरों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है।
इस संबंध में शिलाई लोक निर्माण विभाग उपमंडल के सहायक अभियंता गुलाब सिंह पुंडीर ने बताया कि विश्रामगृह की ऊपरी मंजिल के निर्माण पर 1 करोड़ 8 लाख रुपये की लागत आई है। उन्होंने कहा कि इस विस्तार से शिलाई आने वाले लोगों को अब रात्रि ठहराव की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।