जयराम ठाकुर का सुक्खू सरकार पर तीखा प्रहार,कहा झूठे दावों, कर्ज और करों पर चल रही है सरकार

Share this post


देवभूमि न्यूज 24.इन


प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मौजूदा सरकार की अब तक की पहचान सिर्फ झूठे दावे, खोखले भाषण और विफल नीतियां बनकर रह गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के पास झूठ बोलने के अलावा प्रदेश की जनता को बताने के लिए कोई ठोस उपलब्धि नहीं है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार लगातार हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने की बात कर रही है, लेकिन आज तक यह स्पष्ट नहीं कर पाई कि “व्यवस्था परिवर्तन” के नाम पर कौन-कौन से ऐसे कदम उठाए गए हैं, जिनसे प्रदेश वास्तव में आत्मनिर्भर बन सके। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल कर बढ़ाने और कर्ज लेने के मॉडल पर चल रही है, जबकि पूर्व सरकारों द्वारा किए गए विकासात्मक प्रयासों को भी कमजोर किया जा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि झूठे भाषणों और आंकड़ों की बाजीगरी से प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत नहीं हो सकती। इसके लिए प्रभावी आर्थिक सुधार, उद्योगों को संरक्षण और रोजगार सृजन की ठोस नीति की आवश्यकता होती है, जिसमें वर्तमान सरकार पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आने से पहले कांग्रेस ने उद्योगों को बढ़ावा देने और रोजगार देने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आते ही उद्योग विरोधी माहौल बना दिया गया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि अराजकता और भ्रष्टाचार को संरक्षण मिलने से निवेशकों का भरोसा टूट गया है, नए उद्योग प्रदेश में आना बंद हो गए हैं और अर्थव्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है। स्वरोजगार के नाम पर पूर्व सरकार की योजनाएं बंद कर दी गईं, जबकि अधूरे प्रोजेक्ट्स के कारण युवा उद्यमी परेशान हैं।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार के पास वास्तविक उपलब्धियां होतीं, तो आपदा राहत के पैसों से आयोजित कार्यक्रमों में केंद्र और पूर्व सरकार को कोसने के बजाय अपनी उपलब्धियां जनता के सामने रखती। लेकिन मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल एक भी ऐसी प्रदेशव्यापी योजना नहीं बता पाए, जिससे आम हिमाचली को सीधा लाभ मिला हो।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि तीन वर्षों का कार्यकाल जनहित के कार्यों के बजाय मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री और मंत्रियों के बीच आपसी खींचतान और सत्ता संघर्ष में ही बीत गया। उन्होंने कहा कि तीन साल का कार्यक्रम सरकार की उपलब्धियां बताने का अवसर होना चाहिए था, लेकिन यह अपनी नाकामियों को छुपाने और शक्ति प्रदर्शन का मंच बनकर रह गया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि “व्यवस्था परिवर्तन” का असली चेहरा अब प्रदेश की जनता के सामने आ चुका है। यह सरकार ठेकेदारों और भ्रष्ट तत्वों के इशारे पर काम कर रही है, जबकि आम आदमी की समस्याओं की पूरी तरह अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब समझ चुकी है कि यह सरकार सिर्फ घोषणाओं और झूठे दावों की सरकार है, जिसमें न दिशा है और न ही दूरदृष्टि।