देवभूमि न्यूज नेटवर्क
हिमाचल प्रदेश
शिमला
भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) द्वारा हिमाचल प्रदेश खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के सहयोग से उत्तरी क्षेत्र के अंतर्गत 23 दिसंबर 2025 को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU), शिमला में 600 स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के लिए FoSTaC (Food Safety Training and Certification) प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता एवं हाइजीन की सर्वोत्तम प्रथाओं के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित खाद्य प्रबंधन को बढ़ावा देना था। यह कार्यक्रम एफएसएसएआई की FoSTaC पहल के अंतर्गत आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में माननीय सांसद श्री सुरेश कुमार कश्यप ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने खाद्य स्वच्छता, साफ-सफाई और सुरक्षित भोजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के क्षमता निर्माण हेतु एफएसएसएआई द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को स्वस्थ समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

इस अवसर पर श्री जितेंद्र संजटा (संयुक्त आयुक्त–खाद्य सुरक्षा), श्री महावीर सिंह (कुलपति–हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय), श्री अंकेश्वर मिश्रा (संयुक्त निदेशक–एफएसएसएआई), श्रीमती वीरेंद्र चौहान (सहायक आयुक्त–खाद्य सुरक्षा) तथा शिमला नगर निगम के प्रतिनिधियों ने अपनी गरिमामय उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। सभी गणमान्य अतिथियों ने स्ट्रीट फूड विक्रेताओं एवं प्रतिभागियों को खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन, स्वच्छता एवं हाइजीन के महत्व से अवगत कराया।
FoSTaC प्रशिक्षण के अंतर्गत प्रतिभागी विक्रेताओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, सुरक्षित एवं साफ-सुथरी खाद्य तैयारी, खाद्य पदार्थों का सुरक्षित भंडारण, अपशिष्ट प्रबंधन तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को उपभोक्ताओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने हेतु सक्षम बनाना रहा।
एफएसएसएआई ने हिमाचल प्रदेश FDA के सहयोग से खाद्य व्यवसाय संचालकों के साथ निरंतर समन्वय के माध्यम से सुरक्षित, पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।