*देवभूमि न्यूज 24.इन*
*शिमला*
भाजपा महिला मोर्चा हिमाचल प्रदेश की अध्यक्ष श्रीमती डेज़ी ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा है कि कांग्रेस पार्टी महिला विरोधी नीतियां बनाने और उन्हें लागू करने में सबसे आगे रही है। उन्होंने कहा कि चुनावों से पहले महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने का झूठा वादा करने वाली कांग्रेस सरकार आज तक यह राशि नहीं दे पाई और अब एचआरटीसी बस सेवा में महिलाओं को दी जा रही सुविधाएं भी छीनने पर उतर आई है।
डेज़ी ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में लगभग 28 लाख महिलाएं हैं, जिन्हें भाजपा सरकार के कार्यकाल में सरकारी बसों में 50 प्रतिशत किराया छूट की सुविधा मिलती थी। लेकिन कांग्रेस सरकार ने इस छूट को अब जबरन “हिम बस कार्ड” से जोड़ दिया है, जिसके लिए महिलाओं से 200 रुपये और जीएसटी सहित कुल 236 रुपये वसूले जा रहे हैं। पहले कभी ऐसी शर्त नहीं थी।
उन्होंने कहा कि अभी तक बहुत कम महिलाओं ने यह कार्ड बनवाया है और आने वाले समय में यदि किसी महिला के पास यह कार्ड नहीं हुआ तो उसे बसों में किराया छूट नहीं मिलेगी। इससे प्रदेश की ग्रामीण, गरीब, कामकाजी और बुजुर्ग महिलाओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ेगी। कांग्रेस सरकार ने जानबूझकर महिलाओं पर अतिरिक्त आर्थिक और प्रशासनिक बोझ थोप दिया है।
भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश के कई राज्य महिलाओं को पूरे साल मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दे रहे हैं, जबकि हिमाचल की कांग्रेस सरकार महिलाओं से पहले से मिल रही रियायतें भी छीन रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि दिल्ली में महिलाएं डीटीसी और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा कर रही हैं। कर्नाटक में शक्ति योजना, तेलंगाना में महालक्ष्मी योजना, पंजाब, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में स्त्री शक्ति योजना के तहत महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा मिल रही है।
डेज़ी ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार यह तर्क दे रही है कि हिम बस कार्ड से पारदर्शिता आएगी और निगम को बचत होगी, लेकिन यह तथाकथित बचत महिलाओं की जेब काटकर की जा रही है। कार्ड की केवल एक साल की वैधता, हर साल नवीनीकरण शुल्क और होम डिलीवरी के नाम पर अतिरिक्त चार्ज कांग्रेस सरकार की महिला विरोधी मानसिकता को उजागर करते हैं।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा महिला मोर्चा कांग्रेस सरकार की इस जनविरोधी और महिला विरोधी नीति का सड़कों पर उतरकर पुरजोर विरोध करेगा। डेज़ी ठाकुर ने मांग की कि हिमाचल प्रदेश की महिलाओं को बिना किसी शुल्क और बिना किसी कार्ड की बाध्यता के एचआरटीसी बसों में पूर्व की तरह रियायती अथवा मुफ्त यात्रा सुविधा तत्काल बहाल की जाए।