देवभूमि न्यूज नेटवर्क
कार्तिकेय तोमर शिलाई
सिरमौर, हिमाचल प्रदेश
राष्ट्रीय उच्च मार्ग-707 के निर्माण कार्य के चलते उपमंडल कमरऊ क्षेत्र में स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क निर्माण से जुड़ी कई गंभीर समस्याओं और अधूरे कार्यों को लेकर कमरऊ के ग्रामीणों ने उपायुक्त सिरमौर को शिकायत पत्र सौंपते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है।
ग्रामीण बलबीर सिंह,दुलाराम,खजानसिंह,रतिराम,जगत सिंह,शांताराम,मोहर सिंह,सुरेश राणा, इंदर सिंह तथा अन्य का कहना है कि मुकाम कमरऊ में सड़क निर्माण के दौरान कई स्थानों पर मकानों का मुआवजा देने के बावजूद सड़क को चौड़ा नहीं किया गया। उल्टा, सड़क किनारे नाली का निर्माण कर सड़क की चौड़ाई पहले से भी कम कर दी गई है। इससे क्षेत्र में आए दिन यातायात जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों और मरीजों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
इसके अलावा राष्ट्रीय उच्च मार्ग के साथ बनाई गई नालियों में गंदा पानी बह रहा है, जो कई स्थानों पर रुक जाने के कारण दुर्गंध फैला रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि इससे गांव में बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। लोगों ने नालियों की समुचित सफाई, सही ढलान और उन्हें ऊपर से ढकने की मांग की है।
शिकायत पत्र में एक और गंभीर मुद्दा तहसील कार्यालय कमरऊ तक पहुंच मार्ग का भी उठाया गया है। ग्रामीणों के अनुसार पिछले लगभग 45 वर्षों तक तहसील कार्यालय के लिए कोई पक्का सड़क मार्ग नहीं था। वर्ष 2024 में स्थानीय लोगों ने अपनी निजी भूमि देकर और मकान तोड़कर राष्ट्रीय उच्च मार्ग-707 से तहसील कार्यालय तक अस्थायी सड़क बनवाई थी, जिससे सभी प्रकार के वाहन तहसील कार्यालय तक पहुंच पा रहे थे। लेकिन राष्ट्रीय उच्च मार्ग के चौड़ीकरण कार्य के दौरान इस सड़क को पूरी तरह बंद कर दिया गया है, जिससे अब पैदल चलने का रास्ता भी नहीं बचा है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि राष्ट्रीय उच्च मार्ग-707 से तहसील कार्यालय कमरऊ तक सड़क को पुनः बहाल कर पक्का किया जाए, उस पर तारकोल डलवाया जाए तथा सड़क के दोनों ओर पक्की नालियों का निर्माण किया जाए, ताकि आम जनता को रोजमर्रा के कार्यों के लिए तहसील कार्यालय पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इन समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए, अन्यथा क्षेत्र में जन आंदोलन किया जा सकता है।