उधम सिंहनगर के 24 वर्षीय राकेश कुमार की यूक्रेन युद्ध में मौत
देवभूमि न्यूज 24.इन
उधम सिंहनगर (उत्तराखंड)।
उत्तराखंड के उधम सिंहनगर जिले से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है, जहां पढ़ाई के लिए रूस गया 24 वर्षीय युवक युद्ध का शिकार हो गया। मृतक की पहचान राकेश कुमार के रूप में हुई है, जो उच्च शिक्षा के लिए रूस गया था, लेकिन कथित तौर पर जबरन रूसी सेना में भर्ती कर उसे यूक्रेन युद्ध में झोंक दिया गया।
परिजनों के अनुसार 30 अगस्त को खुद राकेश ने फोन पर परिवार को बताया था कि उसका पासपोर्ट छीन लिया गया है और उसे जबरदस्ती रूसी सेना जॉइन कराई गई है। राकेश ने यह भी कहा था कि उसे यूक्रेन के खिलाफ चल रहे युद्ध में लड़ने के लिए भेजा जा रहा है।
बेटे की जान के खतरे को देखते हुए परिजन दिल्ली पहुंचे और केंद्र सरकार के अधिकारियों से मुलाकात कर राकेश को सुरक्षित भारत वापस लाने की गुहार लगाई। परिवार को उम्मीद थी कि सरकार की मदद से उनका बेटा जल्द घर लौट आएगा, लेकिन करीब दस दिन पहले उन्हें सूचना मिली कि यूक्रेन युद्ध के दौरान राकेश की मौत हो गई है।
सोमवार को राकेश का पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटा हुआ उत्तराखंड स्थित उसके पैतृक गांव पहुंचा। शव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। नम आंखों के बीच सैन्य सम्मान के साथ राकेश का अंतिम संस्कार किया गया।
ग्रामीणों और परिजनों का कहना है कि राकेश पढ़ाई पूरी कर देश लौटना चाहता था, लेकिन किस्मत ने उसे युद्ध के मैदान में पहुंचा दिया। परिजनों ने सरकार से मांग की है कि इस पूरे मामले की गहन जांच कराई जाए और विदेश में पढ़ाई के नाम पर फंसे अन्य युवाओं को सुरक्षित वापस लाया जाए।
इस घटना ने एक बार फिर विदेशों में नौकरी और पढ़ाई के नाम पर युवाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।