हिमाचल में ईको टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा, 27 नई साइट्स होंगी विकसित – मुख्यमंत्री सुक्खू

Share this post


देवभूमि न्यूज 24.इन


मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि प्रदेश में ईको टूरिज्म का व्यापक विकास किया जाएगा, जिससे प्रकृति का संरक्षण भी होगा और पर्यटक प्राकृतिक सौंदर्य के और करीब आ सकेंगे। रिज मैदान पर शिमला विंटर कार्निवल का शुभारंभ करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार 27 नई ईको टूरिज्म साइट्स विकसित करने जा रही है, जिनका आबंटन शीघ्र किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार अब तक 11 ईको टूरिज्म स्थलों का आबंटन कर चुकी है और बीते दो वर्षों में ईको टूरिज्म से लगभग छह करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश को स्वच्छ हवा और पानी प्रदान कर रहा है और सरकार इस दिशा में और प्रभावी प्रयास करेगी, ताकि पर्यटन क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने नगर निगम शिमला द्वारा आयोजित शिमला विंटर कार्निवल की सांस्कृतिक परेड को झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने गेयटी थियेटर में आयोजित चित्रकला प्रदर्शनी तथा टाउन हॉल के समीप महानाटी और होमगार्ड इंटर बटालियन बैंड प्रतियोगिता का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मेयर व पार्षदों के साथ नाटी में भी भाग लिया।
‘चिट्टा मुक्त हिमाचल’ थीम पर आयोजित कार्निवल के सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री ने आयोजकों को बधाई दी और पर्यटकों से संवाद कर उनके अनुभव भी जाने। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को प्रकृति ने अपार सौंदर्य से नवाजा है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जहां आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ किया जा रहा है, वहीं प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि होम-स्टे को प्रोत्साहित करने के लिए ब्याज अनुदान योजना शुरू की गई है और पंजीकरण हेतु ऑनलाइन पोर्टल भी लॉन्च किया गया है। इसके अलावा पर्यटन क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से पर्यटन निवेश प्रोत्साहन परिषद का गठन किया गया है।